गांव नहला के दिहाड़ीदार मजदूर का पंजाब नैशनल बैंक नहला में बुढ़ापा पेंशन विड्रॉल फार्म भरने के नाम पर फर्जी तरीके से बीमा कर देने के मामले में बैंक प्रबंधक जयपाल सिंह और एक युवती के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। एसएचओ बिमला देवी खुद मामले की जांच कर रही हैं। पुलिस ने बुजुर्ग मदन लाल के अंगुठे लगाने वाली युवती को भी थाने में तलब किया। युवती ने बीमा न करने की बात कहकर मामला बैंक प्रबंधक पर छोड़ दिया है। इसके बाद पुलिस विभिन्न पहलुओं की जांच पड़ताल कर रही है।
यह है मामला
गांव नहला के 62 वर्षीय मदन लाल पंजाब नैशनल बैंक नहला में अपनी बुढ़ापा पेंशन निकलवाने गया था। जहां पर एक युवती ने बुजुर्ग को पेंशन निकलवाने के लिए विड्रॉल फार्म पर अंगुठे लगवा लिए तथा पहचान पत्र व आधार कार्ड की फोटो कापी देने को कहा। बुजुर्ग ने अपनी बैंक कॉपी युवती के पास छोड़ दी और घर से आधार कार्ड व पहचान पत्र की फोटोकॉपी लाकर युवती को सौंप दी।
बुजुर्ग बुढ़ापा पेंशन निकलवाकर ले गया, लेकिन दो महीने बार जब उसने बैंक में बचत खाता कॉपी पूरी करवाई तो उसके होश उड़ गए। उसके खाते से 25 हजार रुपये गायब मिले। बुजुर्ग ने जब बैंक प्रबंधक से बातचीत की तो उन्होंने बताया गया कि उन्होंने मैट लाइफ कंपनी में बीमा करवाया है, जिसकी 25 हजार रुपये वार्षिक किस्त है। बुजुर्ग ने कहा कि उसने कोई बीमा नहीं करवाया। अगर बीमा करवाया होता तो उसके पॉलिसी और अन्य सूचनाएं मिलती। बैंक प्रबंधक जयपाल सिंह ने बुजुर्ग की एक नहीं सुनी।
इस पर मदन लाल ने भूना पुलिस में शिकायत देकर जयपाल सिंह और अज्ञात युवती के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज करने की गुहार लगाई और पैसे दिलवाने की मांग की। एसएचओ बिमला देवी ने बैंक प्रबंधक और युवती के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में एसएचओ ने कहा कि पीड़ित को न्याय दिलवाया जाएगा। आरोपी चाहे कोई भी हो।