फतेहाबाद के एक गांव में नाबालिग के साथ एक तांत्रिक द्वारा तंत्र विद्या का डर दिखा दो बार दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता के पिता की शिकायत पर आरोपी तांत्रिक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी पीड़िता का रिश्ते में मामा लगता है।
पुलिस को दी शिकायत में पीड़िता ने आरोप लगाया कि तकरीबन दो माह पहले वह तांत्रिक राजाराम को घर में हवन कराने के लिए घर लेकर आई थी। तब भी आरोपी तांत्रिक राजाराम ने उसके साथ दुष्कर्म किया था। इसके बाद बीती 31 जनवरी को उसे घर में अकेली पाकर एक बार फिर से उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी तांत्रिक राजाराम ने उसे इस बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी। मामले की जानकारी मिलते ही पीड़िता के पिता ने ग्राम स्तरीय बाल संरक्षण समिति एवं महिला पुलिस को इसकी जानकारी देते औपचारिक शिकायत की।
इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस बारे में बात करने पर महिला थाना प्रभारी राजबाला ने बताया कि पीड़िता के पिता की शिकायत पर आरोपी तांत्रिक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी राजाराम को गिरफ्तार कर लिया गया है।