गंाव ललौदा निवासी एक विवाहिता शीनू की मौत के मामले में उसके पिता नंदलाल मौर्य ने ससुरालियों पर विवाहिता को जहर देकर मारने का आरोप लगाया है। बेटी के शव को बिना किसी को सूचना दिए अंतिम संस्कार करके खुर्द-बुर्द करने का भी आरोप लगाया गया है। पुलिस ने पिता की शिकायत पर पति सहित पांच लोगों पर विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस टीम ने इस मामले में मृतका विवाहिता की चिता से उसकी अस्थियां एकत्र कर पोस्टमार्टम के लिए अग्रोहा मेडिकल भेजी हैं।
पुलिस को दी शिकायत में मृतका शीनू (28) के पिता एवं हिसार निवासी नंदलाल मौर्य ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी का विवाह छह वर्ष पूर्व गांव ललौदा निवासी सोनू उर्फ गब्बर के साथ हुआ था। मौर्य ने बताया कि उसकी बेटी के सोनू से एक बेटी और एक बेटा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि शादी के बाद से शीनू के ससुरालीजन उसे दहेज के लिए तंग करते आ रहे थे। एक बार तो ससुराल वालों के मांगने पर उन लोगों ने एक फ्रिज भी लाकर दिया था, लेकिन उनकी मांगें कम होने की बजाए बढ़ती चली गईं। लगातार शीनू को परेशान का सिलसिला चलता रहा। नंदलाल का आरोप है कि काफी समय शीनू के ससुराल वाले ट्रैक्टर की मांग कर रहे थे। यह देना उनके बस में नहीं था।
इस संबंध में उन्होंने बाकायदा ललौदा जाकर शीनू के ससुरालीजनों के सामने अपनी आर्थिक स्थिति का दुखड़ा भी रोया था। उनकी मानें तो इसी के बाद शनिवार देर रात ससुरालजनों ने शीनू को जहरीली वस्तु खिलाकर उसकी हत्या कर दी। उसकी मौत की जानकारी उनके परिवार को भी नहीं दी गई। बेटी की मौत का समाचार ग्रामीणों से पता चला। मौर्य का ये भी आरोप है कि उनके गंाव पहुंचने से पूर्व ही शव को खुर्द- बुर्द करने के लिए उसका दाह संस्कार कर दिया गया। पुलिस ने शिकायत पर मृतका शीनू के पति सोनू, ससुर रामकुमार, सास यमुना, जेठ विक्रम और जेठानी कोमल के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्या कहते है सदर प्रभारी
थाना सदर प्रभारी ओमप्रकाश ने बताया कि शिकायत पर कार्रवाई की जा रही है। मृतका के पिता की शिकायत पर पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर जांच कर आगे की कार्यवाही की जाएगी।