ड्रग सप्लायर को चोरी के मोटरसाइकिल के साथ पकड़ा
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
टोहाना के भाटिया नगर के पास नाकेबंदी के दौरान चोरी के मोटरसाइकिल पर ड्रग सप्लाई करने जा रहे युवक को पुलिस टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी युवक से चार किलो 400 ग्राम अफीम और चार किलो ग्राम कचरा डोडा पोस्त बरामद किया गया है।
पकडे़ गए आरोपी की पहचान भूपेंद्र सिंह उर्फ बिंद्र निवासी जमालपुर शेंखा के रूप मे हुई है। आरोपी के खिलाफ थाना शहर टोहाना मे मादक पदार्थ तस्करी के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी युवक कई राज्यों में ड्रग्स सप्लाई कर रहा था। तस्करी मे प्रयोग किए गए मोटरसाइकिल एचआर- 23सी-9456 को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर भाटिया नगर में नाकाबंदी कर दी। टीम में उपनिरीक्षक दिनेश कुमार इन्चार्ज एंटी केटल थेफ्ट सेल फतेहाबाद, उपनिरीक्षक गुरनाम सिंह, प्रधान सिपाही कपिल कुमार, प्रधान सिपाही कुलदीप और प्रधान सिपाही राहुल को शामिल किया गया।
पुलिस के अनुसार भाटिया नगर मे नाकाबंदी करके आने जाने वाले वाहनों की चेकिंग शुरू की गई, तो आरोपी एक मोटरसाइकिल पर आता दिखाई दिया। इस दौरान उसने पुलिस टीम को देखकर भागने की कोशिश की। पुलिस ने पीछा करके आरोपी युवक को पकड़ लिया, जिसके पास अफीम और डोडा पोस्त बरामद किया गया। पुलिस पूछताछ पर आरोपी ने बताया कि मोटरसाइकिल कुरुक्षेत्र से चोरी की थी। आरोपी के खिलाफ पहले तीन मामले भी दर्ज हैं और एक मामले में 10 साल की सजा भी हो चुकी है। पुलिस आरोपी युवक को शुक्रवार को कोर्ट में पेश करेगी।