यहां के एक गांव से लापता हुई लड़की को पुलिस ने पंजाब में अबोहर के गांव बलवाना से बरामद कर लिया। लड़की बालिग है। उसने छिंद्रपाल नामक नामक लड़के से हिंदू रीति-रिवाज के तहत शादी कर ली है। पुलिस ने युवती को उपमंडल न्यायिक दंडाधिकारी सतीश जांगड़ा की अदालत में पेश किया, जहां लड़की ने धारा-164 के तहत बयान दर्ज करवाया। लड़की ने बताया कि वह युवक के साथ अपनी मर्जी से गई थी और उसने एक मंदिर में जाकर हिंदू रीति-रिवाज के तहत युवक से शादी रचाई है। अब वह अपने पति व सास के साथ रहना चाहती है। इससे पहले लड़की ने पुलिस के समक्ष प्रेम-प्रसंग को उजागर करते हुए बताया था कि जब वह गुजरात में अपने परिवार के साथ रहती थी उसी दौरान अबोहर क्षेत्र के एक गांव के छिंद्रपाल से उसकी मुलाकात हुई। दोनों में दोस्ती हुई और बातचीत होने लगी। कुछ दिनों बाद यह दोस्ती प्यार में बदल गई। अदालत ने लड़की के बयान के सुनने के बाद लड़की को पति व सास के साथ रहने के लिए भेज दिया। बता दें कि इस मामले को लेकर लड़की के पिता ने रतिया थाना में रपट दायर करवाते हुए अपनी बेटी को नाबालिग बताया था और अज्ञात युवक पर बहला-फुसला कर ले जाने का आरोप लगाया था।