अमर उजाला ब्यूरो
टोहाना।
गांव चंदड़कलां में शराब के ठेके के बाहर दो मोटरसाइकिलों पर आए युवकों द्वारा दहशत फैलाने के इरादे से गोली चलाने की शिकायत सदर पुलिस को दी गई है। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ फायरिंग करने व आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में कुलदीप सिंह ने बताया कि वह गांव चंदडकला का रहने वाला है तथा उसने एक अप्रैल 2017 से मार्च 2018 तक गांव चंदडकलां, इंदाछोई व अमानी के ठेके एक साल के लिए लिया है। जिसके चलते उसने 5 उप बैंड ठेके भी बनाए हुए हैं। कुलदीप ने बताया कि दशमेश नगर में उसका उपबैंड ठेका बनाया हुआ है। जिसमें गांव इंदाछोई निवासी बलदेव सेल्समैन का कार्य करता है। उसने बताया कि वह रोजाना ठेके पर जाकर कैश लेने का कार्य करता है। जब वह दशमेश नगर पहुुंचा तो उसने बलदेव से रुपये मांगे। जिसके बाद बलदेव ने उसे बताया कि जब वह रात्रि के समय 8 बजे कुछ कार्य कर रहा था तो उस समय मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने दहशत फैलाने के इरादे से गोली चला दी। जिसके बाद उन्होंने मामले की सूचना पुलिस को दे दी है। जांच अधिकारी एसआई कर्म सिंह मौके पर पहुंचे तथा मामले की जांच शुरू कर दी।