सप्ताह पूर्व लापता व्यक्ति का शव मिला गांव में ही ईंट भट्ठे के पास
अमर उजाला ब्यूरो
टोहाना। लगभग एक सप्ताह पूर्व गांव कन्हड़ी से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुए युवक शमशेर का शव कन्हड़ी में ही एक ईं भट्ठे के पास बरामद हुआ है। जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल में रखवा दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस को दी शिकायत में गांव कन्हड़ी निवासी सज्जन सिंह ने बताया था कि 4 मार्च को उसका 43 वर्षीय भाई शमशेर सिंह बिना बताए घर से चला गया। जिसके बाद उन्होंने आस-पास में रिश्तेदारों में उसकी तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लग पाया। जिसके बाद उन्होंने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। पुलिस को शनिवार को सूचना मिली कि गांव कन्हड़ी में ईंट भट्ठे के एक पास एक व्यक्ति का शव पड़ा है। जिसके बाद पुलिस ने शमशेर के परिजनों को बुलाकर शव की शिनाख्त करवाई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर मृतक के परिजनों के ब्यान के आधार पर कार्रवाई करते हुए जांच शुरू कर दी है।