दुकानदार पर हमला कर छीनी नकदी व मोबाइल
रतिया। गांव मिराना के पास रविवार देर रात गांव से अपनी दुकान बंद कर रतिया आ रहे एक दुकानदार पर मुंह पर कपड़ा बांधे हुए दो अज्ञात युवकों ने डंडों से हमला कर घायल कर दिया तथा उसकी जेब में पड़े हजारों रुपये व मोबाइल छीन कर फरार हो गए। घायल दुकानदार को रतिया के अस्पताल में दाखिल करवाया गया, जहां उसकी गंभीर हालत के चलते उसे अग्रोहा रेफर कर दिया गया। मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार रतिया निवासी अशोक कुमार मिराना में किरयाने की दुकान चलाता है। रविवार रात को वह दुकान बंद कर स्कूटी से रतिया की तरफ आ रहा था। जैसे ही वह मिराना बस अड्डे के पास पहुंचा तो वहां पर मुंह पर कपड़ा बांधे खड़े दो युवकों ने अचानक डंडों से हमला कर उसे घायल कर दिया। युवक उसकी जेब से 7 हजार रुपये की नकदी तथा मोबाइल छीनकर भाग गए। ग्रामीणों ने घायल अशोक को उपचार के लिए रतिया के नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां सिर में अधिक चोट होने के कारण उसे अग्रोहा रेफर कर दिया गया। थानाध्यक्ष कपिल सिहाग ने बताया कि मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।