महिला का धर्मांतरण कराने वाले धर्मगुरु और अन्यों को पुलिस ने किया काबू
अमर उजाला ब्यूरो
रतिया। टिब्बा कॉलोनी की एक महिला द्वारा ससुराल पक्ष और एक धर्मगुरु पर धर्म परिवर्तन नहीं करने पर मारपीट कर घर से निकालने के मामले में गिरफ्तारी की मांग को लेकर देर रात्रि हिंदू संगठनों के प्रतिनिधियों ने शहर थाने में रोष जताया। शहर थानाध्यक्ष को ज्ञापन देकर आरोपियों की गिरफ्तारी की जल्द मांग की। हिंदू संगठनों के विरोध को देखते हुए पुलिस ने मामले में नामजद धर्मगुरु तथा महिला के पति व सास को गिरफ्तार कर लिया है। थानाध्यक्ष को दिए ज्ञापन में बजरंग दल के जिला संयोजक विकास ग्रोवर व अन्य पदाधिकारियों ने कहा है कि जिस प्रकार उपरोक्त महिला को धर्म परिवर्तन न करने पर पीट-पीटकर घर से निकाला गया है, यह एक संगीन मामला है। इससे पहले भी धर्म परिवर्तन करवाने के कई मामले सामने आ चुके हैं। पीड़ित विवाहिता के पिता का कहना है कि अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई है तथा उन्हें न्याय नहीं मिल रहा है। बजरंग दल सहित कई अन्य संगठनों ने भी उपरोक्त घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा है कि अगर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई तो वे आंदोलन करने से भी पीछे नहीं हटेंगे। थानाध्यक्ष ओमप्रकाश ने बताया कि महिला के साथ मार-पिटाई के मामले में धर्मगुरु व महिला के पति तथा सास को गिरफ्तार कर लिया गया है।