अमर उजाला ब्यूरो
रतिया।
गांव सुखमनपूर में चुनावी रंजिश को लेकर हुई फायरिंग में इनसो के पूर्व प्रधान की हत्या के मामले में नामजद आरोपियों को पकड़ने के लिए रतिया पुलिस ने चार स्पेशल टीमों का गन कर दिया है और आरोपियों की तलाश में हरियाणा, पंजाब व राजस्थान के कई क्षेत्रों में भी पुलिस ने छापामार कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के आलाधिकारी भी इस हत्याकांड के मामले में अपनी पैनी नजर रखे हुए हैं और रतिया के पुलिस अधिकारियों को आरोपियों को शीघ्र पकड़ने के निर्देश दिए हैं। ज्ञात रहे की गंाव सुखमनपूर में सरपंच पद के चुनावों के समय से वर्तमान सरपंच और हारे हुए उम्मीदवार के समर्थकों में तनातनी बनी हुई थी और फाग वाले दिन देर शाम को दोनों पक्षों के दर्जनों लोगों में झगड़ा हो गया व झगड़े में दोनों पक्षों में गोलीबारी शुरू हो गई थी। जिसमें इनसो के पूर्व प्रधान रवि गुर्जर की हत्या हो गई थी व दोनों पक्षों के आधा दर्जन लोग घायल हो गए थे। हत्या के इस मामले में रवि गुर्जर के चचेरे भाई व सरपंच पति ईश्वर की शिकायत पर गांव के ही पूर्व सरपंच बलवंत उसके बेटे जसवंत उर्फ विनोद, अक्षय, अजय, सुभाष चंद, जगतु, अशोक, अभय, अवतार, रमेश, राहुल निवासी सुखलमपूर, गुरध्यान सहनाल व मनिन्द्र चन्दो खुर्द सहित 8-10 अन्यों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया था। थानाध्यक्ष यादविन्द्र सिंह ने बताया कि आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की स्पेशल टीमों का गठन किया गया है और दोनों सीआईए के अधिकारी भी हत्याकांड के आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए हरियाणा के अलावा पंजाब व राजस्थान के संभावित क्षेत्रों में छापामार कार्रवाई कर रहे हैं। आरोपियों को शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।