रोडवेज बचाने को लेकर कर्मचारी 25 को करेंगे प्रदर्शन
फतेहाबाद।
हरियाणा रोडवेज बचाओ संघर्ष समिति के आह्वान पर रोडवेज कर्मचारियों द्वारा 25 जुलाई को प्रदेश भर में डिपू स्तर पर रोष प्रदर्शन किया जाएगा। हरियाणा सरकार द्वारा की जा रही वादाखिलाफी, बार-बार किए गए वायदों से मुकरना, प्राइवेट पॉलिसी को लागू करने को लेकर रोडवेज कर्मचारी में भारी रोष है। प्रदर्शन की तैयारियों को लेकर रोडवेज की सभी यूनियनों की संयुक्त बैठक फतेहाबाद डिपू में हुई। इस अवसर पर रोडवेज कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ रोष प्रदर्शन करते हुए जमकर नारेबाजी भी की। बैठक को संबोधित करते हुए डिपू प्रधान सूरजभान चोपड़ा, ईश्वर सहारण, मनोज कुण्डू, लहरी सिंह सहरावत, राजेश कुमार, सुरेन्द्र कन्हड़ी, साधूराम मांझू आदि ने कहा कि सरकार कर्मचारियों से की गई बातचीत से बार-बार मुकर रही है। उन्होंने कहा कि 13 अप्रैल, 13 मई व 13 जून को सरकार के साथ समझौता होने के बावजूद भी सरकार माननीय कोर्ट की आड़ लेते हुए फिर से समझौते से पीछे हट रही है और प्राइवेट बसें चलाकर सरकारी परिवहन सेवा का निजीकरण करना चाहती है। उन्होंने कहा कि रोडवेज कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर 25 जुलाई को दो घंटे तक डिपू स्तर पर रोष प्रदर्शन करेंगे। अगर सरकार ने रोडवेज कर्मचारियों की मांगों को फिर भी नहीं माना तो 13 अगस्त को परिवहन मंत्री के मतलौड़ा स्थित आवास का घेराव किया जाएगा।