चार दिन में 6 युवतियां गायब
अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद/रतिया। जिला में 5 अलग-अलग स्थानों से 6 युवतियों के लापता होने का मामला सामने आया है। ढाणी ठोबा में मामा से मिलने आई युवती लापता है, तो रतिया के गांव भरपूर से भी दो सहेलियां अचानक गायब हो गई हैं। संबंधित थानों की पुलिस ने इन युवतियों के अगवा होने का मामला दर्ज करके उनकी तलाश आरंभ कर दी है।
फतेहाबाद पुलिस को दी शिकायत में ढाणी ठोबा निवासी युवती के मामला ने बताया कि उसकी 18 वर्षीय भांजी 23 अक्तूबर को हसंगा से उनसे मिलने के लिए गांव ढाणी ठोबा आई थी। आरोप है कि 24 अक्तूबर को गांव धांगड़ निवासी विनोद अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर उसकी भांजी को अगवाकर ले गया है। पुलिस ने युवकों के खिलाफ केस दर्ज करके उनकी तलाश आरंभ कर दी है। इसी प्रकार भरपूर रतिया के गांव भरपूर से दो सहेलियां 24 अक्तूबर की सुबह 10 बजे गांव से गायब हो गई। जांच अधिकारी शाम सुंदर ने बताया कि गांव की 20 व 22 साल की दोनों युवतियों के घर आमने सामने हैं और वह 24 अक्तूबर को परिजनों को बाजार जाने की बात कहकर गई थी, लेकिन वापिस नहीं लौटी। दोनों के मामले में केस दर्ज करके उनकी तलाश की जा रही है। लड़कियों के पास मोबाइल भी नहीं है। इनमें एक लड़की पढ़ती है तथा दूसरी घर में सिलाई का काम करती है। इसी प्रकार गांव कारियां से भी 23 अक्तूबर से 19 साल की युवती लापता है। रतिया के गांव रत्ताखेड़ा से भी 24 अक्तूबर को दोपहर 2 बजे 21 साल की युवती गायब हो गई। वहीं इसी गांव से 22 अक्तूबर की रात को 19 साल की महिला के भी गायब होने का मामला सामने आया है। पुलिस ने उसके पति की शिकायत पर केस दर्ज किया है। पुलिस ने सभी मामलों में केस दर्ज कर गायब हुई युवतियों की तलाश आरंभ कर दी है।