टोहाना। टोहाना पुलिस ने शहर के एक इलेक्ट्रॉनिक्स के सामान के व्यापारी की शिकायत पर पुणे की बाग बहार कंपनी प्राइवेट लिमिटेड कंपनी, कंपनी के मैनेजर और एजेंट के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में हरजिंद्र सिंह निवासी टोहाना ने बताया कि वह इलेक्ट्रॉनिक्स के सामान का कारोबार करता है। उपरोक्त कंपनी का एजेंट अनीश अहमद निवासी बैंगलोरू उसके पास आया और उसे कंपनी से कम दामों में बढ़िया सामान देने की बात कही। इसके बाद वह कंपनी में गया तो वहां मैनेजर पाल डिसुजा मिला। उसने माल के लिए 37 लाख रुपये उनको दे दिए। आरोप है कि बाद में उसका 7 लाख 90 हजार 791 रुपये बैलेंस बचा हुआ था। जब उसने इस कंपनी से अन्य सामान लेने से मना करके यह रकम मांगी तो उक्त लोगों ने रकम नहीं दी और फर्जी बिल दिखाकर इस राशि से सामान खरीदा हुआ दिखा दिया। बाद में वह लोग मान भी गए और रुपये उसके खाते में भेजने की बात कही। आरोप है कि कई दिन तो वह उसे चक्कर कटवाते रहे और बाद में रुपये लौटाने से साफ इंकार कर दिया।