दो दिन बीते 20 लाख की मोबाइल चोरी को, लेकिन अभी तक फोर्स के इंतजार में शहर पुलिस
-फिलहाल नहीं लग सका कोई सुराग, सिरसा में भी इसी तरह की वारदात का बताया जा रहा मामला
अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। शहर थाने के पीछे स्थित पालिका मार्केट में स्थित टॉप शाप मोबाइल शोरूम में हुई 20 लाख के मोबाइल चोरी के मामले में जांच पड़ताल करने के लिए शहर पुलिस को अभी तक आईओ व पुलिस फोर्स का इंतजार है। दरअसल जींद में बीजेपी की रैली में शामिल होने गए पुलिसकर्मी शुक्रवार सांय तक सिटी थाने में अपनी डयूटी पर नहीं पहुंच सके थे जिसके चलते इस मामले की जांच में देरी हो रही है। शुक्रवार सांय तक पुलिसकर्मियों के ड्यूटी पर वापिस ना पहुंचने की पुष्टि शहर थाने के सब इंस्पेक्टर जगदीश चंद्र ने की है।
उधर इस मामले में अब कई अन्य कड़ियां जुड़ने के भी संकेत मिलने लगे हैं। पुलिस के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इस मामले में पीड़ित पक्ष ने उन्हें ये सूचना दी है कि इसी तरह की एक चोरी सिरसा में भी कुछ दिन पहले हुई है। ऐसे में उन्होंने ये आशंका जताई है कि सिरसा चोरी को अंजाम देने वाले बदमाशों ने ही इस चोरी को भी अंजाम दिया हो। पुलिस ने इस मामले में अब सिरसा पुलिस से भी इनपुट लेने की तैयारी शुरू कर दी है।
शनिवार तक जींद रैली में भेजे गए मुलाजिम वापस डयूटी पर आ जाएंगे। इसके बाद इस मामले की जांच में तेजी आने की संभावना है। फिलहाल आरोपी अभी तक काबू में नहीं आए हैं।
-जगदीश चंद्र, जांच अधिकारी एवं सब इंस्पेक्टर, शहर थाना, फतेहाबाद ।