जाखल(ब्यूरो)। जाखल मंडी में एक व्यक्ति का एटीएम कार्ड बदलकर उसके खाते से 1 लाख 7 हजार रुपये निकालने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने इसकी शिकायत पुलिस थाने में दी। पुलिस ने केस दर्ज कर पड़ताल शुरू कर दी है। फिलहाल रुपये निकालने वाले व्यक्ति का कोई पता नहीं चला है।
राज्यस्थान के डबली राठान निवासी ओमप्रकाश ने बताया कि वह 25 नवंबर को चंडीगढ़ रोड स्थित एचडीएफसी बैंक के एटीएम में रुपये निकालने के लिए आया था। जहां एटीएम कक्ष में खड़े व्यक्ति ने उससे उसका कार्ड लेकर रुपये निकालने लगा। लेकिन उसने रूपये नहीं निकाले।
ओमप्रकाश ने बताया कि इसके बाद वह बिना रुपये निकाले वापस आ गया। तो अगले दिन उसके खाते में रखे 1 लाख 7 हजार रुपये की राशि निकल गई। जब उसने इसकी जांच की तो पता चला कि उसके एटीएम कार्ड से इस राशि को पंजाब के भवानीगढ़ निवासी एक व्यक्ति के बैंक खाते में ट्रांसफर किया गया व उसके खाते से यह राशि निकाली गई। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर इसकी जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी अजमेर सिंह ने बताया कि पीड़ित ओमप्रकाश की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।