अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। गांव खाराखेड़ी के पास स्थित ढाबा रंगला पंजाब में शुक्रवार रात कुछ लोगों ने तोड़फोड़ और हवाई फायर किए। सारी घटना ढाबे में लगे सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गई। आरोपियों में ढाबे मालिक के पार्टनर व उसका भाई भी शामिल है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर सदर पुलिस ने पार्टनर के दो भाइयों विनोद व जेपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल किसी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया जा सका है।
सदर थाना प्रभारी आत्माराम ने बताया कि फतेहाबाद के राजीव कॉलोनी निवासी विपिन ने बताया कि उसने गांव बड़ोपल के पास विष्णु निवासी खाराखेड़ी के साथ पार्टनरशिप में ढाबा खोला हुआ है। आरोप है कि कल शाम को उपरोक्त आरोपी लोग उसके ढाबे में घुस आए और तोड़फोड़ कर उससे मारपीट की तथा हवाई फायर किए। आत्माराम ने बताया कि इस मामले की जांच जारी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही उनसे पता चल सकेगा कि आखिर इस झगड़े और फायरिंग के पीछे उनकी मंशा क्या थी। इसके अलावा उन्होंने जिस बंदूक से फायरिंग की, वो पिस्तौल कहां से आई, इस बारे में भी पूछताछ की जाएगी।