टोहाना। बच्चे का जन्मदिन मनाने के लिए गुरुग्राम से टोहाना आ रहे एक व्यक्ति के अपहरण का मामला सामने आया है। व्यक्ति की पत्नी ने मामले की शिकायत शहर पुलिस को देकर आधा दर्जन लोगों पर उसके पति के अपहरण का आरोप लगाया है। पुलिस को दी शिकायत में भूना रोड निवासी इंदुबाला ने बताया कि उसके पति राकेश कुमार गुरुग्राम में गाड़ी चलाने का काम करते हैं और 18 जून को उसके लड़के का जन्मदिन था। उसने बताया कि जन्मदिन के चलते उसके पति गाड़ी द्वारा टोहाना आ रहे थे कि अचानक रात्रि को 8 बजे बाद उनके नंबर पर बात होनी बंद हो गई। उसने बताया कि कुछ समय बाद अचानक उसकी राकेश से बात हुई तो उसने बताया कि राजस्थान के झुंझनू निवासी विक्रम ओला ने पांच साथियों के साथ उसका अपहरण कर लिया है। पुलिस ने महिला की शिकायत पर विक्रम व उसके पांच साथियों के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज करके जांच आरंभ कर दी है।