टोहाना। शहर पुलिस ने नौकरी लगवाने के नाम पर साढ़े चार लाख रुपये लेकर धोखाधड़ी करने के आरोप में पंजाब निवासी एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में कैंची चौक निवासी सुंदर सिंह ने बताया कि वह मजदूरी करता है। वर्ष 2014 में उसके बेटे को नौकरी लगवाने के नाम पर पंजाब के गांव शेखुपुरा बस्ती जिला संगरूर निवासी जसपाल ने उससे 4 लाख 50 हजार रुपये लिए थे। जिसकी शिकायत 11 सितंबर 2018 को सीएम विंडो पर भी की गई थी। उसने बताया है कि आरोपी ने 14 नवंबर 2018 को पंचायत के सामने अपनी गलती भी मानी थी और 3 लाख 5000 रुपये दो किस्तों में पहली किस्त 30 दिसंबर 2018 वह दूसरी किस्त 15 फरवरी 2019 को पंचायत के समक्ष देने का आश्वासन दिया था। लेकिन आरोपी ने आज तक कोई भी पैसा वापस नहीं किया है। जब पैसे मांगे जाते हैं तो आरोपी जान से मारने की धमकी देता है। उसने बताया कि इससे पहले भी कई बार पंचायत व बिरादरी में पैसे देने का इकरार करके मुकर चुका है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।