फतेहाबाद । गांव हिजरवांकलां के पास मंगलवार सुबह एक बेकाबू ट्राले ने बाइक को कुचल दिया। जिससे बाइक सवार भाई-बहन सहित तीन की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में एक बच्ची भी शामिल थी। हादसे की सूचना मिलते ही सदर पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिये। मृतकों की पहचान महेंद्र (28) पुत्र मंगत राम निवासी करंडी (मानसा) पंजाब, उसकी बहन निर्मला देवी (38) पत्नी सुभाष निवासी मोची-चौबारा व महेंद्र की 3 वर्षीय भतीजी पारुल के रूप में हुई है। सरकारी अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए पहुंचे परिजनों ने बताया कि निर्मला अपनी बीमार मां की खबर लेने के लिए दो-तीन दिन पहले मायके आई हुई थी और मंगलवार सुबह करीब छह बजे महेंद्र बाइक पर बहन निर्मला व अपनी तीन साल की भतीजी पारुल को बाइक पर गांव मोची-चौबारा छोड़ने जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो मंगलवार सुबह करीब सात बजे जैसे ही बाइक हिजरावांकलां गांव से बाहर निकली तो फतेहाबाद की ओर से आ रहे एक बेकाबू ट्राले ने एक इको कार को ओवरटेक करने के चक्कर में बाइक पर ट्राला चढ़ा दिया। जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पुलिस ने ट्राले को कब्जे में ले लिया है जबकि चालक फरार हो गया। परिजनों ने बताया कि महेंद्र की महज एक साल पहले ही शादी हुई थी और उसकी पत्नी गर्भवती है जबकि निर्मला की तीन बेटियां और एक बेटा है। दूसरी ओर हादसे में मारी गई महेंद्र के भाई की बेटी पारुल का साथ जाने का कार्यक्रम नहीं था लेकिन उसने भी अपने चाचा के साथ बाइक पर जाने की जिद कर ली। सदर एसएचओ सुरेंद्र ने बताया कि पुलिस ने मृतक के भाई सुरजीत की शिकायत पर ट्राला चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।