भूना। ढाणी सांचला रोड पर दिन-दहाड़े बाइक पर सवार दो युवक एक बुजुर्ग महिला के कानों से सोने के कुंडल झपटकर फरार हो गए। जिससे वह जख्मी हो गई, उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भूना में दाखिल करवाया गया है। एसएचओ देवेंद्र नैन ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर बुुजुर्ग महिला से घटना संबंधित पूरी जानकारी ली और दोनों युवकों की तलाश के लिए सीसीटीवी कैमरे की फुटेज प्राप्त करके कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर बाद 70 वर्षीय माया देवी अपने घर में बनी किराना की दुकान पर बैठी हुई थी। इसी दौरान दो युवक एक बाइक पर आए और उन्होंने बुजुर्ग महिला से सिगरेट मांगी। जैसे ही महिला सिगरेट देने लगी तभी दोनों युवकों ने महिला के कान पकड़ लिए और सोने के कुंडल झपटने लगे। महिला के शोर मचाने पर उपरोक्त युवक छीनाझपटी कर एक कान से सोने का कुंडल छीनकर फरार हो गए। महिला को शोर सुनकर पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे और उन्होंने देखा कि उसके खान से खून निकल रहा था, उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भूना में दाखिल करवाया। स्वास्थ्य केंद्र में महिला के कान में पांच टांके लगाए गए हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि युवकों की तलाश के लिए सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली जा रही है। दोनों बदमाशों को शीघ्र ही काबू कर लिया जाएगा।