ट्राले के टायर के नीचे आया मुनीम का सिर, मौत
दूसरा साथी घायल, पुलिस ने ट्राला चालक पर किया केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
रतिया। लाली रोड पर सदर थाना के नजदीक वीरवार को बाइक पर आ रहे दो युवकों को पीछे से आ रहे एक ट्राले ने टक्कर मार दी। इस टक्कर में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को लोगों ने रतिया के सरकारी अस्पताल में दाखिल करवाया जहां एक युवक ने दम तोड़ दिया। मृतक युवक गंाव लालवास का रहने वाला था और रतिया अनाज मंडी में एक दुकान पर मुनीम के तौर पर कार्यरत था और टक्कर मारने वाला ट्राला चालक भी गांव लालवास का रहने वाला था। पुलिस ने दूसरे घायल युवक के बयानों पर ट्राला चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव लालवास निवासी राजेंद्र सिंह व बंटा सिंह शुक्रवार सुबह मोटरसाइकिल पर सवार होकर रतिया की तरफ आ रहे थे । राजेंद्र रतिया की अनाज मंडी में एक दुकान पर मुनीम लगा हुआ है जैसे ही उनका बाइक सदर थाना के पास पहुंचा तो पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्राला चालक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर में दोनों उछलकर सड़क पर जा गिरे और घायल हो गए। राजेन्द्र का सिर ट्राले के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसा होते देख आसपास के लोगों ने तुरंत दोनों घायलों को उठाया और रतिया के हस्पताल में ले आए जहां डाक्टरों ने मुनीम राजेंद्र को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घायल बंटा सिंह के बयानों पर ट्राला चालक लालवास निवासी संतोष के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक के अपने पीछे पत्नी एक बच्चा छोड़ गया है।