हेरोइन मामले में पुलिस ने दी दिल्ली में कई स्थानों पर दबिश
अमर उजाला ब्यूरो
रतिया। पुलिस द्वारा पिछले दिनों 400 ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किए गए तस्कर संजय निवासी फतेहाबाद को 5 दिन के पुलिस रिमांड लेने के पश्चात तस्कर की निशानदेही पर पुलिस टीम ने दिल्ली के अनेक स्थानों पर दबिश दी। जांच अधिकारी महेंद्र सिंह के नेतृत्व की टीम ने हरियाणा के नगथला के अलावा दिल्ली के पीरागढ़ी व तिलकनगर में छापामार कार्रवाई को अंजाम दिया। पर किसी भी स्थान पर पुलिस को सफलता नहीं मिली, जिस कारण टीम को बैरंग ही लौटना पड़ा। गिरफ्तार किए गए तस्कर का पुलिस रिमांड शनिवार को समाप्त होने के कारण उसे पुन: अदालत में पेश किया जाएगा। गौरतलब है कि पुलिस ने गत सोमवार को फतेहाबाद रोड पर नाकाबंदी व चेकिंग के दौरान उक्त युवक को काबू करके उसके कब्जे से 400 ग्राम हेरोईन बरामद की थी।
आरोपी के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया था। जांच अधिकारी महेंद्र सिंह ने आरोपी को अदालत में पेश किया और उसका पुलिस रिमांड मांगा, जिस पर अदालत ने आरोपी को 5 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया था। पुलिस की पुछताछ में बताया था कि उसने उपरोक्त हेरोइन फतेहाबाद के 2 युवकों ने आगे सप्लाई के लिए दी थी और दोनों युवक दिल्ली या हरियाणा के क्षेत्र में हो सकते हैं। जांच अधिकारी ने बताया कि उक्त तस्कर की निशानदेही पर अनेक स्थानों पर दबिश दी गई थी, लेकिन कहीं भी सफलता नहीं मिली है। उन्होंने बताया कि दोनों तस्करों को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा।