अमर उजाला ब्यूरो
टोहाना। एक सप्ताह पहले संदिग्ध हालत में लापता हुई विवाहिता स्वीटी का शव चांदपुरा नहर से मिलने के बाद पुलिस ने उसके पति व ससुराल पक्ष के अन्य लोगों पर आत्महत्या के लिए मजबूर करने का केस दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपियों को काबू भी कर लिया है। मंगलवार को महिला के शव के पोस्टमार्टम के दौरान उसके परिजनों ने जमकर हंगामा भी मचाया।
ज्ञात रहे कि महिला स्वीटी एक सप्ताह पूर्व घर से लापता हो गई थी। सोमवार शाम को उसका शव चांदपुरा नहर से बरामद हुआ था। मंगलवार को सरकारी अस्पतल में चिकित्सकों के बोर्ड जिसमें डा. कुणाल व डा. राजेंद्र शामिल थे ने उसके शव का पोस्टमार्टम किया। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के हवाले किया जा रहा था तो मृतका के परिजन भड़क गए तथा पुलिस पर कार्रवाई में ढिलाई की बात करते हुए धरना शुरू कर दिया। परिजनों ने मांग करते हुए कहा कि आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए। स्थिति को बिगड़ते देख जांच अधिकारी ने सूचना अपने उच्च अधिकारियों को दी। जिसके बाद महिला के पति को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके बाद ही महिला के मायके पक्ष के लोग शव को ले गए।
पुलिस को दिए ब्यान में बरवाला निवासी मृतका के भाई विकास कुमार ने बताया कि उसकी बहन स्वीटी का विवाह 7 साल पहले भूपेश से हुआ था। उन्होंने बताया कि उसका पति, सास, ससुर व ननद मिलकर उसकी बहन के साथ कई बार मारपीट करते थे। जिसके चलते वो मायके बात बताती थी। कई बार उन्होंने लड़की का घर बसाने का प्रयास करते हुए पंचायतें भी की। लेकिन उसके ससुराल पक्ष के लोग उसे तंग करते थे। उन्होंने बताया कि 14 तारीख को उसकी बहन के साथ मारपीट की गई। जिसके बाद उसने नहर में कूदकर आत्महत्या जैसा कदम उठा लिया।
इस बारे में जांच अधिकारी एएसआई बसाउ राम ने बताया कि 15 अक्तूूबर को सुचना आई थी कि रामनगर की रहने स्वीटी घर से गायब है। जिसके बाद पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। देर रात्रि स्वीटी का शव चांद पुरा हैड के पास से मिला है। पुलिस ने मृतका के भाई विकास के ब्यान पर कार्रवाई करते हुए ससुराल पक्ष के लोगों पर आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज किया है।
24 एफटीबीपी 31-टोहाना में स्वीटी की मौत के बाद कार्रवाई करती पुलिस
24 एफटीबीपी 32-टोहाना की स्वीटी का फाइल फोटो