अमर उजाला ब्यूरो
टोहाना।
थाना सदर पुलिस ने एक विवाहिता की शिकायत महिला के पति, सास, ससुर सहित तीन लोगों पर दहेज प्रताड़ना की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायत में कुलां निवासी विवाहिता नवनीत कौर ने बताया कि 22 नवंबर 2013 को उसकी शादी बलवंत सिंह के साथ हुई थी। महिला ने शिकायत में कहा कि शादी के समय उसके पिता ने बीस लाख रुपये दहेज भी दिया था। शादी के दो माह बाद जब उसके पिता लोहड़ी पर गए तो उसके ससुरालीजनों ने उन पर ताने मारने शुरू कर दिए। महिला ने बताया कि उसका एक बेटा भी है। आरोप है कि शादी के बाद से ही उसके ससुरालीजन उसे दहेज कम लाने का ताना मारकर तंग करते थे। जिसके बाद कई बार पंचायत भी हुई लेकिन जब ससुरालीजन नहीं माने। 14 अप्रैल को उसके ससुरालीजनों ने उसे मारपीट कर घर से बाहर निकाल दिया। जिसके बाद उसने मामले बारे में अपने परिजनों को बताया। उसके परिजनों ने मिलकर शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर पति बलवंत, ससुर गुरनाम सिंह, सास गुरमीत कौर के खिलाफ दहेज प्रताड़ना की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विवाहिता की शिकायत पर पति, सास, ससुर सहित ससुराल के तीन लोगों पर केस