अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद।
सीआईए पुलिस ने भूना रोड पर पशु व्यापारियों को निशाना बना रहे लुटेरों के गैंग को काबू करने में कामयाबी हासिल की है। सीआईए टीम ने इस गैंग के तीन आरोपियों को काबू कर उनके कब्जे से एक इनोवा गाड़ी भी बरामद की है। डीएसपी जगदीश काजला ने रविवार रात अपने कार्यालय में आयोजित पत्रकारवार्ता में बताया कि पुलिस को लंबे समय से इस गैंग की तलाश थी और पिछले कई दिनों से सीआईए टीम इसके लिए जाल बिछाए हुए थे और रविवार को आखिरकार सीआईए टीम को कामयाबी हाथ लग ही गई। आरोपियों की पहचान ऐलनाबाद निवासी मेजर सिंह, भगवान सिंह, रविंद्र उर्फ बिल्लू के रूप में हुई है। पुलिस अब इन आरोपियों को सोमवार को कोर्ट में पेश कर रिमांड मांगेगी। सीआईए की मंशा इन अपराधियों से पूछताछ कर कई अन्य मामलों में सुराग लेने की है क्योंकि सीआईए ये मानकर चल रही है कि इन आरोपियों का कई अन्य घटनाओं में भी कनेक्शन होने की आशंका है।
पत्रकारों को डीएसपी जगदीश ने बताया पिछले सप्ताह मेले में भैंस बेच कर जा रहे भूथनकलां निवासी एक युवक से झलनियां के पास लिफ्ट के बहाने लूट हो गई थी। इस संदर्भ में शहर थाना में मामला दर्ज किया गया। बदमाशों को पकड़ने के लिए रविवार को सीआइए ने प्रभारी अनूप की मौजूदगी में जाल बिछाया। रविवार को मेले में चार लोग संदिग्ध हालत में घूम रहे थे। ये लोग उन पर निगरानी रख रहे थे जो पशु बेच रहे थे। पुलिस ने तीन लोगों को मौके से शक के आधार पर काबू कर लिया, जबकि दूसरा राजकुमार मौके से फरार हो गया। सीआइए ने शक के आधार पर पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ की तो उन्होंने दो वारदातें कबूली। पुलिस के अनुसार कुछ समय पहले इनोवा गाड़ी में सवार इन्हीं बदमाशों ने पशु व्यापारियों को नशीला पदार्थ सुंघाकर रूपये लूट लिए थे।
फतेहाबाद में भूना मोड़ बाईपास के पास प्रत्येक रविवार को पशु मेला लगता है जिसमें हजारों की तादाद में आसपास के जिलों से पशुपालक अपने पशुओं को बेचने या खरीदने के लिए आते हैं। इस पशु मेले में प्रति सप्ताह लाखों रूपये का कारोबार होता है। इसी के चलते ये बदमाश पशु मेले में घुस जाते हैं और पशु सौदों पर नजर रखते हैं। किसी पशु व्यापारी ने अगर बड़ी रकम हासिल की होती है तो उसकी रैकी करते थे और उसके बाद उसे लिफ्ट आदि देने के बहाने लूट लिया करते थे।