भट्ठा संचालक का चालक ही निकला चोर, पुलिस ने किया काबू
अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। गांव दरियापुर के ईंट भट्ठे के संचालक के ट्रैक्टर के चालक ने ही उसके बंद पड़े भट्ठे से हजारों रुपये का सामान चुरा लिया। पुलिस ने इस संबंध में भट्ठा मालिक की शिकायत पर चोरी का केस दर्ज करके आरोपी नौकर को काबू कर लिया। पुलिस को दी शिकायत में नरेंद्र कुमार निवासी दरियापुर ने बताया कि उसका दरियापुर में ईंट-भट्ठा है। यह भट्ठा पिछले 8-10 महीनों से बंद पड़ा था। 27 जून को जब वह भट्ठे पर गया तो भट्ठे से एक ट्रैक्टर की ट्राली, 25-30 किलोग्राम लोहे का स्क्रैप व इनवर्टर बैटरी सहित करीब 81 हजार रुपये का सामान गायब था। उसने बताया कि उसे पता चला है कि उसके ट्रैक्टर के चालक मुकेश अपने किसी साथी के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस ने मुकेश व एक अन्य पर केस दर्ज करके मुकेश को काबू कर लिया। वहीं दूसरी ओर भूना में भी प्रदीप गोयल के घर की छत से अज्ञात व्यक्ति 10 क्विंटल लोहे का स्क्रेप चुरा ले गए। जिसकी कीमत लगभग 40 हजार रुपये बताई गई है।