बस परिचालक से मारपीट, अस्पताल में भर्ती
अमर उजाला ब्यूरो
रतिया। गांव चिम्मो के बस स्टैंड पर निजी बस परिचालक से मारपीट का मामला सामने आया है। गंभीर रूप से घायल हुए परिचालक बलदेव सिंह निवासी अकांवाली को उपचार के लिए रतिया के सरकारी अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। उपचाराधीन ने बताया कि वह निजी बस पर बतौर परिचालक कार्य करता है और जब वह टोहाना से रतिया की तरफ रूट पर बस से आ रहा था तो उनकी बस गांव चिम्मो के बस स्टैंड पर रुकी। परिचालक ने आरोप लगाया कि जैसे ही बस स्टैंड पर रुकी तो उसी दौरान गांव बुर्ज के शक्ति ने उसके सिर पर लाठी से प्रहार कर दिया और घायल कर दिया। परिचालक ने बताया कि जैसे ही उसके प्रहार के बाद अपनी जान बचाने के लिए पुन: बस पर चढ़ने लगा तो 3-4 अन्य उसके अज्ञात साथियों ने पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट की। शोर मचाए जाने के पश्चात बस चालक के अलावा अन्य यात्री बीच में आ गए और उन्होंने ही उसकी जान बचाई। आरोप लगाया कि इस दौरान उक्त हमला करने वालों ने उसे जान से मारने की भी धमकी दी और कहा कि इस बार तो यात्रियों के हस्तक्षेप से वह बच गया है, अगर भविष्य में मिला तो जान से मार देंगे। पुलिस ने इस मामले को लेकर परिचालक की शिकायत पर उपरोक्त नामित शक्ति सिंह के अलावा 3-4 अन्य के खिलाफ मारपीट व अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।