अमर उजाला ब्यूरो
भट्टूकलां।
गांव मेहूवाला के शराब ठेके पर वीरवार रात अज्ञात लोगों ने फायरिंग कर सेल्समैन से 5500 रुपये लूट कर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सेल्समैन बंसीलाल निवासी गुसायना ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह मेहूवाला के शराब ठेके पर सेल्समैन के रूप में कार्य करता है। रात को 10 बजे के करीब वह और रोहतास दरवाजे की अंदर की कुंडी लगाकर ठेके में बैठे थे। इसी दौरान दो बाइकों पर सवार तीन-चार युवक आए और उससे शराब मांगी। जिस पर उसने उन्हें एक बीयर शराब की बोतल दे दी। थोड़ी देर बाद ही युवकों ने उसे ठेके के दरवाजे की कुंडी खोलने के लिए कहा, जिस पर उसने कुंडी खोलने पर मना कर दिया। युवकों ने आवेश में आकर ठेके का दरवाजा धक्का देकर तोड़ दिया और अंदर घुसकर गोली मारने की धमकी देने लगे। उन्होंने विरोध किया तो युवकों ने उस पर पिस्तौल तानते हुए धमकी दी और हवाई फायर भी किए। एक युवक ने लाठी से उस पर प्रहार भी किया। जिससे उसे चोटें आई। घायल को तुरंत भट्टूकलां के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर लाया गया। बाद में उसे अग्रोहा रेफर कर दिया। थाना प्रभारी आत्माराम बैनीवाल ने बताया कि गुसायना निवासी बंसीलाल की शिकायत पर मेहूवाला के ठेके पर उसके साथ मारपीट करने, हवाई फायरिंग करने व 5500 रुपये छिनने की शिकायत दी है। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।