फतेहाबाद। जिले की एकमात्र महिला एवरेस्ट चैंपियन बेटी मनीषा पायल ने 50 सदस्यों वाली टीम का नेतृत्व करते हुए हिमाचल प्रदेश के त्रिउंड पीक को फतेह किया। हिसार स्थित गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय की टीम के साथ मिले इस टारगेट को पूरा करके मनीषा पायल ने बेटियों को पर्वतारोहण क्षेत्र में आगे बढ़ने का संदेश भी दिया। जिले की प्रमुख सामाजिक संस्था जिंदगी से जुड़ा होने के चलते मनीषा ने संस्था के ध्वज के साथ इस पीक को फतेह किया।
मनीषा पायल ने कहा कि जिले की बेटियां खेलों के साथ-साथ पर्वतारोहण जैसे क्षेत्र में आने का साहस दिखाने में संकोच करती हैं। प्रतिभा होने के बावजूद उनका यह संकोच उनके सपनों की उड़ान को कहीं न कहीं अंदर ही अंदर खत्म करने का कारण बनता है। ऐसे में उनका लगातार प्रयास रहता है कि जिस प्रकार अपने माता-पिता से मिले प्रोत्साहन की बदौलत वह दुनिया की सबसे ऊंची चोटी एवरेस्ट फतेह कर पाई। उसी प्रकार अन्य बेटियां भी अपने सपनों को हौसलों की नई उड़ान जरूर दें, इसके लिए वह उनका हरसंभव सहयोग करेगी।
इस पीक को फतेह करने वाली टीम में मनीषा पायल के साथ डॉ. विजेंद्र सिहाग, विकास पंघाल, मंजीत, सोनिया, पीएचडी स्कॉलर सोलोमोन, एनसीसी कैडेट सार्जेंट रितु, दिव्या, गणित विभाग के विद्यार्थी साहिल, मोनिका, अंकित, सोनू, योगिता, अंजलि, शीतल, कमल, नेहा, मंजु विकास ग्रेवाल, सन्नी आदि शामिल रहे।