फतेहाबाद। विधायक दुड़ाराम ने रविवार को गांव भोड़ियाखेड़ा में 185 करोड़ 48 लाख रुपये की राशि से फतेहाबाद-राजस्थान सीमा व फतेहाबाद-पंजाब सीमा को जोड़ने वाली 65.51 किलोमीटर सड़क के चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण कार्य का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं को सुना और उनके समाधान के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश भी दिए।
विधायक ने कहा कि फतेहाबाद से रामसरा-भादरा राजस्थान बॉर्डर व फतेहाबाद से रतिया-बुढ़लाडा पंजाब बॉर्डर तक 65.51 किलोमीटर सड़क को जोड़ने का काम किया जाएगा, जिससे फतेहाबाद सहित तीन राज्यों हरियाणा, पंजाब व राजस्थान में आवागमन सुगम होगा। इसके साथ ही नागरिकों के समय की भी बचत होगी। उन्होंने कहा कि फतेहाबाद, भट्टू, भादरा, रतिया तक काफी संख्या में नागरिकों का आवागमन रहता है। नागरिकों की मांग के अनुरूप मुख्यमंत्री मनोहर लाल व सरकार ने इस कार्य के लिए मंजूरी दी। दुड़ाराम ने कहा कि फतेहाबाद हलके के विभिन्न गांवों के 45 किलोमीटर लिंक रोड को जोड़ने और उनके सुदृढ़ीकरण के कार्य की स्वीकृति मिल चुकी है। इन कार्यों पर लगभग 25 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
फतेहाबाद से बीघड़ रोड पर 6 करोड़ रुपये खर्च होंगे। बीघड़ से सालमखेड़ा, चपलामोरी, बड़ोपल, भाना, नहला, ढाणी बिकानेरी, धारनिया, भटूटू, शेखुपुर, पूरबियान की ढाणी, धांगड़ से एमपी रोही, मताना, भट्टू कलां से सुलीखेड़ा व खाबड़ा के लिंक रोड को चौड़ा व सुदृढ़ करने की स्वीकृति मिल चुकी है, जिनके टेंडर भी लग चुके हैं। गोरखपुर से दहमन सड़क के चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण का केस भेजा हुआ है।
इस मौके पर नगर परिषद उपाध्यक्ष सविता टूटेजा, राधा कृष्ण नारंग, एक्सईएन केसी कंबोज, एसडीओ संदीप सचदेवा, जेई योगेश कुमार, संजय कुमार, सचिन कुमार, जसवंत सिंह, एसडीई गजेंद्र कुमार, पूर्व सरपंच संत लाल, राजेंद्र, मैनपाल, सुपरवाइजर महेंद्र सिंह, जगदीश सिहाग आदि मौजूद रहे।