फतेहाबाद। नगर परिषद के बीघड़ रोड पर बने कम्युनिटी सेंटर को ठेके पर देने के लिए आखिरकार टेंडर जारी हो गया है। नगर परिषद इसे तीन साल के लिए ठेके पर देने जा रही है। लेकिन कम्युनिटी सेंटर में आम आदमी के लिए समारोह करना आसान नहीं होगा। टेंडर की शर्त में नगर परिषद ने ठेकेदार को छूट दी है शादी समारोह के एक दिन का किराया एक लाख रुपये तक वसूल सकेगा। ऐसे में बीघड़ रोड पर बने कम्युनिटी सेंटर में कार्यक्रम करना आम आदमी की पहुंच से दूर हो जाएगा।
हालांकि नगर परिषद ने टेंडर में ये भी स्पष्ट किया है कि अगर शादी समारोह कर्मचारी का है तो उससे 31000 रुपये से ज्यादा नहीं वसूल सकेंगे। बता दें कि नगर परिषद अधिकारियों की लापरवाही से पिछले तीन साल से कम्युनिटी सेंटर बंद पड़ा है। इससे पहले नगर परिषद दो बार एजेंसियों को ठेका दे चुकी है लेकिन वह बीच में ही छोड़ गए। ऐसे में अब फिर कम्युनिटी सेंटर लीज पर देने का टेंडर सिरे चढऩा मुश्किल है। नगर परिषद फिलहाल इस टेंडर को 6 अप्रैल को खोलेगा।
कम्युनिटी सेंटर के टेंडर पर 40 शर्तें
नगर परिषद ने कम्युनिटी सेंटर के टेंडर को लेकर 40 शर्तें लगाई हैं। एजेंसी को टेंडर में वार्षिक रेट देने होंगे और ठेके की रिजर्व राशि पांच लाख रुपये होगी। एजेंसी कम्युनिटी सेंटर में आपत्तिजनक कार्यक्रम नहीं करवा सकेगी। यहां होने वाले कार्यक्रमों का रिकॉर्ड रखना होगा। नगर परिषद का अगर जिला और राज्य स्तरीय कार्यक्रम होता है तो उसका कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।
भूना से चार गुना महंगा खुला बंदर पकड़ने का टेंडर, विवाद शुरू
नगर परिषद शहर से बंदर पकड़ने का टेंडर खोल चुका है। टेंडर के मुताबिक एजेंसी 3200 रुपये प्रति बंदर के हिसाब से वसूल करेगी। बंदर पकड़ने के टेंडर को लेकर तीन एजेंसियां आई थीं। वहीं अब इस टेंडर को लेकर विवाद शुरू हो गया है। भूना में ये ही टेंडर 785 रुपये प्रति बंदर के हिसाब से जारी हुआ था। जबकि यहां पर चार गुना महंगा टेंडर हुआ है। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि एजेंसी से रेट कम करवाया जाएगा।
कोट
नगर परिषद के कम्युनिटी सेंटर को ठेके पर देने के लिए टेंडर लगा दिया गया है। नियमों के अनुसार टेंडर खोला जाएगा। कम्युनिटी सेंटर को तीन साल के लिए ठेके पर दिया जाना है।
-ऋषिकेश चौधरी, ईओ, नगर परिषद