भूना। रामलीला मैदान की विवादित 4 कनाल 16 मरले जमीन पर प्रशासनिक स्तर पर की गई सीलबंदी के खिलाफ बाबा राणाधीर मंदिर परिसर में रविवार को सर्वजातीय महापंचायत हुई। जिसमें भाषणबाजी के आक्रोशित माहौल के बीच एक बार तो रामलीला मैदान भवन पर लगे हुए ताले तोड़ने का माहौल बन गया।
मगर बुद्धिजीवी वर्ग के लोगों ने मामले को शांतिपूर्वक एवं भाईचारे से निपटने का हवाला देकर आक्रोशित लोगों के किसी तरह शांत किया। महापंचायत में 21 सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया है जो बुधवार तक प्रशासनिक अधिकारियों से मिलकर सील खुलवाने के लिए प्रयास करेगी। अगर निर्धारित समय में रामलीला भवन पर लगी सील को नहीं हटाया गया तो उसके बाद सर्वजातीय समाज के लोग आगे का निर्णय लेंगे।
महापंचायत में सर्व समाज भूना के अतिरिक्त विश्व हिंदू प्रसिद्ध, बजरंग दल, राष्ट्रीय हिंदू संगठन से जुड़े हुए वरिष्ठ लोग भी बड़ी संख्या में शामिल हुए। बाबा राणाधीर मंदिर का मुख्य हॉल लोगों से खचाखच भरा हुआ था। महापंचायत में नगर पालिका के चेयरमैन प्रतिनिधि पंकज पसरीजा, वाइस चेयरमैन नरेंद्र बागड़ी, पूर्व चेयरमैन प्रतिनिधि मेवा सिंह वाल्मीकि, पूर्व सरपंच राजवीर दहिया,व्यापार मंडल के प्रधान अजय मेहता,विप्र फाउंडेशन के प्रदेश महासचिव तरसेम शर्मा, भाजपा के जिला वरिष्ठ प्रधान गुलशन हंस,अरुण सेठी व विक्रम शर्मा, कला मंच के प्रधान हरविंदर उर्फ टीटू आदि मौजूद रहे।
-
तालाबंदी के समाधान को लेकर कमेटी गठित
सर्वजातीय महापंचायत में रामलीला मैदान की जमीन पर तालाबंदी से संबंधित आपसी भाईचारा कायम रखने के उद्देश्य से शांति एवं वार्तालाप कमेटी का गठन किया गया है। उपरोक्त कमेटी प्रशासन व विरोधी पक्ष के लोगों के साथ तालमेल बनाकर रामलीला मंचन के लिए कोशिश शुरुआती दौर में की जाएगी। कमेटी की कमान पूर्व सरपंच प्रतिनिधि राजबीर दहिया व मास्टर सुखदेव भुक्कल को सौंपी गई है। इसके अतिरिक्त विप्र फाउंडेशन के प्रदेश महासचिव तरसेम शर्मा, पूर्व चेयरमैन प्रतिनिधि मेवा सिंह बाल्मीकि, पार्षद राहुल दहिया, राजा राम बाल्मीकि, निहाल सिंह नायक, ईश्वर वल्मीकि, पार्षद प्रकाश कुमार, इनेलो जिलाध्यक्ष बलविंदर सिंह कैरो, महेंद्र वल्मीकि, गुलशन हंस, सुरेश कंबोज, प्रवीण धारनिया, नरेंद्र बागड़ी, अरुण सेठी, अजय मेहता, सुनील खुराना व हरविंदर बागड़ी रामलीला विवाद निपटाने की दिशा में सकारात्मक कदम बढ़ाएंगे।