फतेहाबाद। प्रशासन की तरफ से जारी किए गए कलेक्टर रेट एक बार फिर बदले जाएंगे। प्रदेश के राजस्व विभाग ने फतेहाबाद उपायुक्त को पत्र जारी करके बढ़े हुए कलेक्टर रेटों को नाकाफी बताया है और इन रेटों को दोबारा से रिव्यू करने को कहा है। ज्ञात रहे कि फतेहाबाद प्रशासन ने हाल ही में कलेक्टर रेट बढ़ाकर राजस्व के पास भेजे थे, जिनको मंजूर भी कर लिया गया था, लेकिन अब एक बार फिर इन रेटों को दोबारा से बनाने को कहा गया है।
फतेहाबाद प्रशासन ने इस बार शहरी क्षेत्र व ग्रामीण क्षेत्रों के कलेक्टर रेटों में चार से 12 फीसदी तक की वृद्धि की है। फतेहाबाद शहर की कॉलोनियों में प्लाटों के लिए सात से 10 फीसदी तक के कलेक्टर रेट बढ़ाए गए हैं। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में भी कृषि योग्य भूमि के कलेक्टर रेट बढ़ाए गए हैं। प्रशासन ने कलेक्टर रेट बढ़ाकर प्रदेश के राजस्व विभाग को मंजूरी के लिए भेजा था, जिसे मंजूरी भी मिल गई थी, लेकिन अब एक बार फिर राजस्व विभाग ने फतेहाबाद, पंचकूला, नूंह, महेंद्रगढ़ व हिसार के उपायुक्तों को पत्र लिखकर इन बढ़े हुए रेटों को नाकाफी बताया है। विभाग की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि जो कलेक्टर रेट बढ़ाए गए हैं, वह काफी कम हैं, इसलिए दोबारा से इस पर विचार करके नए रेट लागू किए जाएं।
मैं आज विकास एवं पंचायत मंत्री के साथ जनता दरबार में था। पत्र मैं देख नहीं पाया हूं। अगर ऐसा कोई पत्र आया है तो उस पर कार्रवाई की जाएगी।
राजेश कुमार, एसडीएम, फतेहाबाद।