भूना। भूना के एक स्कूल से संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हुई नौवीं कक्षा की छात्रा का दस दिन बीतने के बावजूद सुराग नहीं लगा है। पुलिस ने 23 नवंबर को केस दर्ज करके छात्रा की तलाश के लिए प्रयास शुरू कर दिए थे। मगर अभी तक लापता छात्रा का कोई भी पता नहीं मिला है।
पुलिस को दी शिकायत में छात्रा के पिता ने बताया कि 20 नवंबर को उसकी बेटी पड़ोस की एक महिला के साथ बाजार में चूड़ी पहनने गई थी। इसके बाद बेटी का कोई सुराग नहीं है। पुलिस ने छात्रा के पिता की शिकायत पर 23 नवंबर को महिला के विरुद्ध बहला फुसलाकर घर से ले जाने का मामला दर्ज किया था। छात्रा के पिता का आरोप है कि पड़ोसी ने उसकी बेटी को कहीं छुपाकर रखा हुआ है। मगर इस संबंध में पुलिस ने आरोपी महिला से पूछताछ की तो वह फिलहाल संतोषजनक जवाब नहीं दे पाई है। आरोपी महिला ने बताया कि छात्रा उसे नहर में धक्का देकर गायब हो गई थी। अब वह कहां गई है या नहर में कूद गई है, इसके बारे में उसे कोई जानकारी नहीं है। भूना थानाध्यक्ष कुलदीप सिंह ने बताया कि पुलिस ने केस दर्ज करके छात्रा की तलाश के लिए साइबर सेल की मदद ली हुई है। आरोपी महिला से पूछताछ चल रही है। संवाद