फतेहाबाद। फतेहाबाद में शनिवार सुबह करीब आधे घंटे तक बारिश हुई। इससे पिछले कई दिनों से गर्मी से बेहाल हो चुके लोगों को राहत मिली। उधर, ग्रामीण क्षेत्र में बारिश न होने से खेत सूख रहे हैं। आधे घंटे में हुई 14 एमएमए बारिश ने शहर में प्रशासन के जलनिकासी के दावों की एक बार फिर पोल खोल दी। शहर की सड़कें पानी से लबालब हो गईं।
शहर के बीचोंबीच गुजर रही जीटी रोड से भी जल निकासी पांच घंटे के बाद हुई। दुकानों के आगे दिनभर पानी भरा रहा। वहीं, शहर की अनेक गलियों में शाम तक पानी नहीं निकल पाया, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। फतेहाबाद में शनिवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे तेज बारिश आरंभ हो गई और करीब आधे घंटे तक चलती रही। इसके बाद भी छिटपुट बूंदाबांदी जारी रही। आधे घंटे हुई झमाझम बारिश के कारण शहर में हर जगह पानी ही पानी नजर आया।
फतेहाबाद के जीटी रोड पर एक फुट तक पानी जमा हो गया। इसके अलावा जवाहर चौक व धर्मशाला रोड एक बार फिर भारी जलभराव की चपेट में नजर आए। भट्टू रोड पर तो दो से तीन फुट तक पानी जमा हो गया। वहीं शहर की पुरानी कोर्ट रोड, दुर्गा मंदिर के सामने, बीघड़ चौक, आशीर्वाद पैलेस रोड, रतिया गेट रोड, अग्रवाल कॉलोनी, एमसी कॉलोनी, जीटी रोड, नागरिक अस्पताल मार्ग, धर्मशाला रोड, जवाहर चौक में अधिक पानी का भराव देखा गया। भट्टू रोड पर तो मार्केट कमेटी कार्यालय में भी पानी भर गया।
हाल ही में मार्केट कमेटी ने पानी कार्यालय के अंदर न आए, इसके लिए रैंप भी बनवाया था, लेकिन अधिक जलभराव के कारण बारिश का पानी मार्केट कमेटी कार्यालय में घुस गया।
आशीर्वाद पैलेस रोड व अग्रवाल कॉलोनी में देर शाम तक नहीं निकला पानी
बारिश के कारण जलभराव का सबसे अधिक असर शहर की आशीर्वाद पैलेस वाली सड़क पर होता है। बतरा कॉलोनी व ऑफिसर कॉलोनी से जुड़ी इस सड़क पर हल्की बारिश से ही जलभराव हो जाता है। शनिवार को आई इस बारिश के कारण यहां पर तीन से चार फुट तक पानी था। वहीं भट्टू रोड पर अग्रवाल कॉलोनी की मुख्य गली में भी दो से तीन फुट तक पानी जमा हो गया। दोनों ही स्थानों पर देर शाम तक पानी नहीं निकला। आशीर्वाद पैलेस रोड के लोगों ने आरोप लगाया कि इस रोड को मॉडल रोड बनाने की घोषणा हो चुकी है, लेकिन यहां पर जल निकासी के लिए अभी तक पाइप लाइन नहीं बिछाई गई है। वहीं अग्रवाल कॉलोनी निवासी देवेश कुमार, सुनील कुमार ने बताया कि अग्रवाल कॉलोनी की मुख्य गली में हर बार बारिश के दौरान पानी भर जाता है। यह गली तो तालाब का रूप धर लेती है, लेकिन यहां पर जलनिकासी का समाधान नहीं हो पा रहा है।
गांवों में बारिश का बेसब्री से इंतजार कर रहे किसान
शनिवार सुबह बारिश केवल शहर में ही हुई। जिले के ग्रामीण इलाके बारिश से वंचित रह गए। शहर से 15 किलोमीटर दूर स्थित गांवों में भी बारिश नहीं आई। इस कारण खेत भी सूखे रह गए। खासकर, धान उत्पादक किसानों को बारिश का बेसब्री से इंतजार है। कई इलाकों में बारिश के अभाव में धान की फसल सूखने लगी है। बारिश न होने से किसानों को ट्यूबवेलों से सिंचाई करनी पड़ रही है, जिससे उनका खर्च भी अधिक हो रहा है।
कोट
शहर की अग्रवाल कॉलोनी में पहले से दो बोर लगे हुए हैं। अब एक और बोर लगाया जाएगा। आशीर्वाद पैलेस वाली गली में जल्द ही पाइप लाइन बिछाई जाएगी, इसका जनस्वास्थ्य विभाग ने एस्टीमेट तैयार कर लिया गया है।
अनिल गर्ग, पार्षद, वार्ड नंबर 24