फतेहाबाद। नगर परिषद ने शुक्रवार को शहर के हंस मार्केट और फव्वारा चौक पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। यहां से नगर परिषद ने सड़क के बीच खड़ी रेहड़ियों को हटवाया। लेकिन टीम के जाने के बाद दोबारा रेहड़ियां लग गई। टीम की इस कार्रवाई के दौरान पुलिस कर्मचारी भी मौजूद रहे। हंस मार्केट में दुकानदारों और नगर परिषद कर्मचारियों के बीच नोकझोंक हुई लेकिन पुलिस कर्मचारियों ने शांत करवा दिया। इससे पहले नगर परिषद ने ऑटो मार्केट में अभियान चलाया। यहां क्रेन की मदद से अतिक्रमण हटवाया गया।
शहर के हंस मार्केट, फव्वारा चौक, थाना रोड पर अतिक्रमण को लेकर मिल रही शिकायतों के चलते मुख्य सफाई निरीक्षक मुकेश शर्मा के नेतृत्व में टीम फव्वारा चौक पर पहुंची। यहां पीली पट्टी से बाहर खड़ी रेहडिय़ों को हटवाया गया। कई संचालक टीम के आते ही रेहड़ियां लेकर चले गए। इसके बाद टीम हंस मार्केट में पहुंची। यहां पर सड़क के बीच रेहड़ियां लगी मिली। टीम ने पीली पट्टी से बाहर रेहड़ी लगाकर खड़े संचालकों को खदेड़ दिया। इसके अलावा दुकानों के बाहर रखे सामान को हटाने की नगर परिषद टीम ने चेतावनी दी, लेकिन कई दुकानदारों ने विरोध कर दिया। इस दौरान हल्की नोकझोंक भी हुई लेकिन नगर परिषद टीम ने चेतावनी देकर छोड़ दिया।
पीली पट्टी का नहीं हुआ फायदा, थाना रोड पर लग रहा जाम
नगर परिषद ने दुकानदारों की डिमांड पर शहर के जवाहर चौक, थाना रोड, चार मरला कॉलोनी, भीमां बस्ती, हंस मार्केट, हिसार-सिरसा रोड पर पीली पट्टी खिंचवाई थी। लेकिन पट्टी के बावजूद दुकानदार बाहर सामान रख रहे हैं और वाहन भी खड़े हो रहे है। इसके चलते मुख्य बाजार में जाम लग रहा है।
ऑटो मार्केट में पहली बार चला अभियान
शहर के ऑटो मार्केट में नगर परिषद ने शुक्रवार दोपहर को पहली बार अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। नगर परिषद के मुख्य सफाई निरीक्षक मुकेश शर्मा, निरीक्षक महेश कुमार पुलिस टीम लेकर ऑटो मार्केट पहुंचे। यहां पर प्लॉट व सड़क पर रखे गए सामान को क्रेन से हटवाया गया। टीम की इस कार्रवाई के दौरान दुकानदारों ने नगर परिषद टीम का विरोध भी किया। दुकानदारों ने कहा कि ऑटो मोबाइल से जुड़ी बड़ी मशीनें हैं जिन्हें अंदर नहीं रखा जा सकता है, हिसार-सिरसा जैसे जिलों में जाकर देखे, यहां पर मशीनें बाहर ही रखी है। विरोध के बावजूद नगर परिषद अधिकारियों ने क्रेन की मदद से सामान हटवाया। बताया जा रहा है कि ऑटो मार्केट में अतिक्रमण को लेकर शिकायतें की गई थी। इसी को लेकर नगर परिषद टीम पुलिस कर्मचारियों के साथ पहुंची और कार्रवाई की।
शहर के हंस मार्केट, फव्वारा चौक और ऑटो मार्केट में अतिक्रमण को लेकर अभियान चलाया गया। ऑटो मार्केट में क्रेन की मदद से सामान हटवाया गया है, यहां पर शिकायतें मिल रही थी। बाजार में अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों को चेतावनी दी गई है।
- मुकेश शर्मा, मुख्य सफाई निरीक्षक