शिविर में परिवार पहचान पत्र को अपडेट करते ऑपरेटर।
फतेहाबाद। परिवार पहचान पत्र में त्रुटियों को दूर करने के लिए डीसी जगदीश शर्मा के निर्देश पर विशेष शिविर लगाने का सिलसिला शुरू हो गया है। ये शिविर 26 फरवरी तक ग्राम सचिवालयों, नगर परिषद, नगरपालिका कार्यालयों, सीएससी सेंटरों के अलावा बूथों पर भी लगाए जाएंगे। शिविर के दौरान कोई भी नागरिक अपने परिवार पहचान पत्र में आई त्रुटि को ठीक करवा सकेगा। मौके पर ही संबंधित नागरिक के दस्तावेजों को ऑनलाइन अपलोड किया जाएगा।
गौरतलब है कि जिले में बड़ी संख्या में लोगों के परिवार पहचान पत्र में त्रुटियों की शिकायतें आई हैं। रोजाना लोगों को कभी एडीसी कार्यालय तो कभी डीपीआरसी हॉल के चक्कर काटने पड़ रहे थे। इन समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन ने शिविर लगाने का फैसला लिया। शुक्रवार को भी जिले में 283 जगहों पर शिविर लगाए गए। शिविर में परिवार पहचान पत्र से संबंधित डेट ऑफ बर्थ वेरिफिकेशन, दिव्यांग वेरिफिकेशन व अन्य त्रुटियों को दूर किया गया। क्रीड विभाग के प्रोग्रामर संदीप कुमार ने रतिया के राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल में शिविर का निरीक्षण किया। इस दौरान रतिया के जोनल मैनेजर कमाल दीन व गुरमीत भी मौजूद रहे। यहां पांच जगह शिविर लगाया गया।
स्थानीय कमेटी के सदस्य अपलोड करवाएंगे दस्तावेज
इन शिविरों में स्थानीय कमेटी के सदस्य ऑपरेटर की मदद से जरूरी दस्तावेज अपलोड करवाएंगे। परिवार पहचान पत्र में जन्मतिथि से संबंधित त्रुटियां दूर की जाएंगी, जिसके लिए संबंधित व्यक्ति को जन्म प्रमाण पत्र, दसवीं की मार्कशीट या वर्ष 2017 से पहले का वोटर कार्ड या स्कूल छोड़ने का प्रमाण पत्र साथ लाना होगा। इन्हीं दस्तावेज को परिवार पहचान पत्र से जोड़ा जाएगा। दिव्यांग व्यक्ति को अपना चिकित्सा प्रमाण पत्र साथ लाना होगा।
कोट
26 फरवरी तक जिले में बूथों से लेकर ग्राम सचिवालय, पालिका कार्यालयों, सीएससी सेंटरों पर विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं। नागरिक इन शिविरों का लाभ उठाएं तथा परिवार पहचान पत्र में अपनी त्रुटियां दस्तावेज देकर ठीक करवाएं।
अजय चोपड़ा, अतिरिक्त उपायुक्त, फतेहाबाद