फतेहाबाद। स्वास्थ्य विभाग के निरोगी हरियाणा अभियान के तहत अब तक पात्रों के हुई जांच में चौकाने वाली रिपोर्ट सामने आई है। 10 फीसदी पात्र एनीमिया और बीपी से ग्रस्त मिले हैं। वीरवार को जांच के दौरान एक बच्चे सिर्फ तीन ग्राम खून मिला है। जिसे अब जांच के लिए अग्रोहा मेडिकल रेफर किया गया है।
जिले में अभी तक निरोगी हरियाणा के तहत दो फीसदी पात्रों के ही स्वास्थ्य की जांच हुई है। जिले के फतेहाबाद और टोहाना में फिलहाल ये अभियान चल रहा है। जिले में 394000 पात्रों के स्वास्थ्य की जांच होनी है और 8200 का चेकअप किया गया है। इन पात्रों की एक लाख पांच हजार जांच हो चुकी है। जिसमें एचबी, शुगर, कोलेस्ट्रॉल, यूरिन, टीएसएच, बीपी आदि जांच शामिल हैं।
इन बीमारियों से ग्रस्त मिले पात्र
बीमारी से ग्रस्त पात्र
एनीमिया 825
कुपोषण 3
टीबी 2
कैंसर 6
शुगर 410
बीपी 816
दिल की बीमारी 12
अन्य बीमारी 121
आरबीएसके टीम करेगी स्कूलों में अब पात्र बच्चों की जांच
स्वास्थ्य विभाग स्क्रीनिंग को बढ़ाने के लिए आरबीएसके टीम की जिम्मेदारी भी लगा रहा है। अब 5 से 18 साल के पात्रों की जांच स्कूलों में की जाएगी। आरबीएसके टीम संबंधित पात्र बच्चों की निरोगी हरियाणा अभियान के तहत जांच करेगी। इससे कम उम्र के बच्चों की जांच आंगनबाड़ी वर्कर टीम के साथ करेंगी।
पोर्टल पर दर्ज होगा पात्रों की बीमारी का डाटा
निरोगी हरियाणा अभियान के तहत जिन पात्रों की जांच हो रही है, उनका डाटा स्वास्थ्य विभाग के पोर्टल पर दर्ज होगा। टीम पात्र की जांच रिपोर्ट पोर्टल पर दर्ज करेगी। किसी भी सरकारी अस्पताल के डॉक्टर संबंधित मरीज की जांच रिपोर्ट पोर्टल पर देख सकेंगे। पात्र को रिपोर्ट साथ लेकर जाने की जरूरत नहीं होगी।
कोट
निरोगी हरियाणा अभियान के तहत पात्रों की जांच चल रही है। वार्ड स्तर पर भी कैंप लगाकर जांच की जा रही है। जांच के दौरान जो पात्र गंभीर बीमारी से ग्रस्त मिल रहे है उन्हें रेफर किया जा रहा है ताकि वह अपना उपचार शुरू करवा सकें। हाल ही में जांच के दौरान एक बच्चा में तीन ग्राम खून मिला है, जिसे अग्रोहा मेडिकल में दाखिल करवाया गया है।
- मेजर डॉ. शरद तुली, उप सिविल सर्जन