भूना। गोरखपुर गांव में दो वर्षीय बच्चे तेव की पानी की डिग्गी में डूब जाने से मौत हो गई। घर का चिराग बुझ जाने से गोरखपुर में मातम पसर गया। बुधवार की शाम को मिट्टी दी गई।
बुधवार शाम को दो वर्षीय तेव पुत्र मनोज सिवाच अपने खेत की ढाणी में पानी की डिग्गी के पास खेल रहा था। अचानक वह डिग्गी में गिर गया। बच्चे को उसके पिता मनोज कुमार ने देखा तो वह डिग्गी में गिरा हुआ था। बच्चे को तुरंत डिग्गी से निकालकर परिजन इलाज के लिए अग्रोहा मेडिकल कॉलेज जा रहे थे, तो रास्ते में उनकी गाड़ी का एक्सीडेंट हो गया। एक्सीडेंट में बच्चे के दादा सहित चार लोग घायल हो गए। परिजन जब मेडिकल कॉलेज में पहुंचे तो तेव को डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घायलों का इलाज शुरू किया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बीट इंचार्ज रमेश कुमार मौके पर पहुंचे। परिजनों ने पुलिस कार्रवाई करवाने से इन्कार कर दिया। इस संबंध में एएसपी सृष्टि गुप्ता ने बताया कि गोरखपुर में दो वर्षीय बच्चे की पानी की डिग्गी में खेलते समय डूबने से मौत होने की सूचना मिली थी।