फतेहाबाद। मुख्यमंत्री उड़नदस्ता हिसार की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर रतिया रोड स्थित पैरामाउंट कॉन्वेंट स्कूल में खंड शिक्षा अधिकारी टीम को साथ लेकर छापा मारा। टीम को निरीक्षण के दौरान स्कूल में बिना मान्यता ही कक्षाएं लगी मिली। इसके अलावा टीम को अन्य कमियां भी मिलीं।
मुख्यमंत्री उड़नदस्ता हिसार की टीम को गुप्त सूचना मिली कि पैरामाउंट कॉन्वेंट स्कूल, रतिया रोड बिना मान्यता और शिक्षा विभाग के मानकों को पूरे किए बिना चल रहा है। इसके चलते मुख्यमंत्री उड़नदस्ता के एसआई रामफल सिंह, एएसआई रणधीर सिंह और खंड शिक्षा अधिकारी महेंद्र सिंह ने स्कूल का निरीक्षण किया। अधिकारियों के अनुसार स्कूल में आठवीं तक कक्षाएं लगी मिलीं। टीम द्वारा स्टाफ सदस्यों के नियुक्ति पत्र, अनुबंध, स्थायी मान्यता संबंधित दस्तावेज, अग्निशमन सुरक्षा अनापत्ति प्रमाण पत्र, दाखिला खारिज रजिस्टर, स्वच्छता प्रमाण पत्र मांगा गया लेकिन स्कूल प्रबंधन नहीं दिखा पाया।
स्कूल निदेशक द्वारा बताया गया कि मान्यता, फायर एनओसी और स्वच्छता प्रमाण पत्र के लिए आवेदन किया जा चुका है। टीम ने स्कूल बसों की जांच की गई जो कि ठीक मिली। टीम के मुताबिक निरीक्षण के दौरान पाया गया कि विद्यालय शिक्षा निदेशालय ने अनुमति प्रदान कर रखी है और जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी के अनुसार जिला स्तरीय कमेटी द्वारा स्थायी मान्यता के लिए निरीक्षण प्रस्तावित है।
-
स्कूल के द्वारा मान्यता के लिए आवेदन किया हुआ है। निदेशालय से अनुमति भी मिली हुई है। कमेटी ने 23 अप्रैल को मान्यता को लेकर निरीक्षण करना है। इसके अलावा स्कूल सभी मानकों को पूरा कर रहा है।
- मनीष कुमार, स्कूल निदेशक
मुख्यमंत्री उडऩदस्ता के साथ स्कूल का निरीक्षण किया गया है। निरीक्षण के दौरान मान्यता नहीं मिली है। नियम अनुसार बिना मान्यता कक्षाएं नहीं लगा सकते है। हालांकि मान्यता को लेकर कमेटी द्वारा निरीक्षण किया जाना है। स्कूल में जो कमियां मिली है उसकी रिपोर्ट डीईओ भेज दी है।
- महेंद्र सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी