फतेहाबाद। चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय सिरसा की ओर से एमएम कॉलेज में पांच दिवसीय युवा महोत्सव का शनिवार को शुरुआत की गई। फतेहाबाद में 13 साल बाद हुए इस युवा महोत्सव में सिरसा व फतेहाबाद जिले के 35 महाविद्यालयों के विद्यार्थी 45 प्रतिस्पर्धाओं में अपनी भागीदारी करते हुए प्रतिभा दिखाएंगे। महोत्सव का शुभारंभ सीडीएलयू के कुलपति प्रो. अजमेर सिंह मलिक व कॉलेज चेयरमैन आत्मप्रकाश बत्रा ने किया। इसके बाद विद्यार्थियों ने प्रस्तुतियों से समा बांध दिया।प्रो. मलिक ने कहा कि इस बार युवा महोत्सव का थीम नशे के विरुद्ध संकल्प के तौर रखा गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन का प्रयास है कि युवा पीढ़ी को नशे के विरुद्ध जागरूक करते हुए उन्हें इस सामाजिक बुराई से दूर करके देश सेवा के लिए प्रेरित किया जाए। युवा पीढ़ी के कंधों पर ही देश के विकास की जिम्मेदारी है। अगर देश को सही मायने में विश्व शक्ति बनाना है तो हमें अपने युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर करना होगा। एक अकेला व्यक्ति समाज को नशामुक्त नहीं कर सकता है, इसके लिए सामूहिक प्रयास बेहद जरूरी है।
पांच स्टेज पर होंगी प्रस्तुतियां
युवा महोत्सव के लिए महाविद्यालय में पांच स्टेज बनाए गए हैं, जिन पर म्यूजिक, डांस, थियेटर, लिटरेसी एवं फाइन आर्ट के मुकाबले करवाए जाएंगे। सांस्कृतिक कार्यक्रमों को लेकर डॉ. मिनाक्षी कोहली, लिटरेसी व फाइन आर्ट्स के लिए प्रो. ज्योति नागपाल को ओवरऑल इंचार्ज नियुक्त किया गया है। डॉ. विजय गोयल, डॉ. विकेश सेठी, डॉ. सुमंगला वशिष्ठ, प्रो. ज्योति नागपाल व प्रो. ज्योति को स्टेज अनुसार इंचार्ज के तौर पर जिम्मेदारी सौंपी गई है। मंच संचालन प्रो. प्रतिभा मखीजा, प्रो. प्रीत कौर, प्रो. तान्या मेहता, प्रो. सिंपा, डॉ. भव्या मुखी, प्रो. आशा रानी, डॉ. भारती शर्मा व प्रो. ज्योति मेहता अलग-अलग स्टेज के अनुसार करेंगी।
इन महाविद्यालयों के विद्यार्थी ले रहे भाग
इस युवा महोत्सव में एमएम कॉलेज सहित सिरसा, जीवन नगर, टोहाना, कालांवाली, अलीका, ओढ़ा, फतेहाबाद, मंडी डबवाली, रतिया, ऐलनाबाद, भूना, रानियां, भोड़ियाखेड़ा के 35 महाविद्यालयों से तीन हजार से अधिक विद्यार्थी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। कल्चरल कार्यक्रम को लेकर निर्णायक मंडल में डिपार्टमेंट ऑफ एजुकेशन सीडीएलयू से प्रो. निवेदिता, डिपार्टमेंट ऑफ बॉयो टेक्नोलॉजी सीडीएलयू से प्रो. जेएस दुहन, डिपार्टमेंट ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन सीडीएलयू से प्रो. आरती गौड़ व सीएमके नेशनल कन्या महाविद्यालय के प्रिंसिपल को शामिल किया गया है। लिटरेसी एवं फाइन आर्ट्स इवेंट में निर्णायक की भूमिका डिपार्टमेंट ऑफ कॉमर्स सीडीएलयू के प्रो. सुरिंद्र सिंह कुंडू, डिपार्टमेंट ऑफ जेएमसी सीडीएलयू के विभागाध्यक्ष डॉ. अमित सांगवान, सीएमआरजे राजकीय महाविद्यालय ऐलनाबाद के डॉ. भूषण मोंगा तथा रिशोबा कॉलेज ऑफ एजुकेशन सिरसा से डॉ. कुमुद बंसल निभाएंगे।
पहले दिन ये गतिविधियां हुईं
पहले दिन सांस्कृतिक कार्यक्रम के अलावा मिमिक्री, हरियाणवी समूह गायन, सामान्य लोक गायन, शास्त्रीय वाद्य यंत्र, मेहंदी और ऑन द स्पॉट फोटोग्राफ आदि प्रतिस्पर्धाएं हुईं। इन स्पर्धाओं के परिणाम महोत्सव के आखिरी दिन घोषित किए जाएंगे। इस मौके पर प्रिंसिपल गुरचरण सहित कई स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।