रतिया। फर्जीवाड़ा कर 21 वर्षीय बालिग को साढ़े 15 वर्षीय नाबालिग बताकर झूठे दस्तावेजों के आधार पर हाईकोर्ट से जमानत करवाने के आरोपी गांव भगवानपुर हींगना निवासी राजपाल सिंह व उसके पिता जोगेंद्र सिंह के खिलाफ सदर पुलिस ने केस दर्ज किया है।
आरोप है कि राजपाल की आयु उसके पिता आरोपी जोगेंद्र सिंह ने जन्म प्रमाणपत्र में फर्जीवाड़ा कर उम्र साढ़े 15 साल करवा दी। इसी आधार पर उसकी पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट से जमानत याचिका दायर कर जमानत करवा ली। मामले का पता चलने पर पुलिस ने आरोपी पिता पुत्र के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। आरोपी राजपाल सिंह अपने पिता जोगेंद्र सिंह के मार्फत 25 जनवरी 2021 को जिला सत्र न्यायालय फतेहाबाद में अग्रिम जमानत याचिका लगाई थी। अदालत ने राजपाल की अग्रिम जमानत याचिका रद्द कर दी। इसके पश्चात उच्च न्यायालय पंजाब एवं हरियाणा चंडीगढ़ में युवक का नाबालिग बताकर अग्रिम जमानत याचिका लगाई। जिसमें 15 फरवरी को जमानत याचिका आदेश दिया। याचिकाकर्ता ने अपने बेटे की आयु के दस्तावेज कोर्ट में साढ़े 15 साल बताई गई जबकि गांव के स्कूल के रिकार्ड में चेक किया तो उसकी उम्र 21 साल मिली। पुलिस ने झूठे दस्तावेज लगाने, साजिश व फर्जीवाड़ा के आरोप में आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।