रतिया। फतेहाबाद रोड पर मौजूद एचडीएफसी बैंक के दो कर्मचारियों पर उपभोक्ता के खाते से 2 करोड़ 70 लाख रुपये की राशि फर्जी तरीके से निकालने के आरोप में पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। बैंक उपभोक्ता लखविंदर सिंह की शिकायत पर बैंक के पर्सनल बैंकर अंकुश भाटिया और ब्रांच सेल्स ऑफिसर नरेश कुमार के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज हुआ है। गौरतलब है कि 21 जुलाई को गांव कुनाल निवासी लखविंदर सिंह ने एचडीएफसी बैंक कर्मचारियों पर फर्जी तरीके से राशि निकालने का आरोप लगाया था। लखविंदर सिंह ने बताया था कि वह करीब 20 सालों से इटली में काम कर रहा है। उसने वहां पर काम करके करीब दो करोड़ रुपये रतिया के एचडीएफसी बैंक के अपने खाते में जमा करवाए थे। जब वह कुछ दिन पहले रतिया में जमीन खरीदने के लिए आया और अपने अकाउंट से पैसे निकालने लगा तो उसे पता चला कि उसके अकाउंट से बैंक कर्मचारियों ने फर्जी तरीके से दो करोड़ किसी अन्य खाते में ट्रांसफर कर दिए हैं। जानकारी सामने आई कि बैंककर्मी अंकुश भाटिया ने अपनी पत्नी शैली के अकाउंट में डेढ़ करोड़ ट्रांसफर किए हैं जबकि अन्य व्यक्तियों के खाते में 50 लाख ट्रांसफर किए। वहीं, एक अन्य उपभोक्ता रतिया निवासी अमृतपाल ने भी उसके अकाउंट से फर्जी वाउचर बनाकर 70 लाख निकालने का आरोप लगाया था।
कोट
:: लखविंदर सिंह की शिकायत के आधार पर प्राथमिक जांच के बाद एचडीएफसी बैंक के कर्मचारी अंकुश भाटिया और नरेश कुमार के खिलाफ आईपीसी की धारा 420, 409, 120बी, 467, 468, 471 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जांच के बाद आगामी कार्रवाई होगी।
जयसिंह, शहर थाना प्रभारी, रतिया