फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Fatehabad News: हत्याकांड के बाद हुई तोड़फोड़ में 50-60 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज

Mon, 17 Jun 2024 11:56 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, फतेहाबाद
विज्ञापन
फतेहाबाद में एक घर में घुसकर तोड़फोड़ करते हुए प्रदर्शनकारी, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो।
विज्ञापन
फतेहाबाद। शहर के काठमंडी निवासी बलराज उर्फ गोली की हत्या के बाद गुस्साए लोगों के प्रदर्शन और तोड़फोड़ के मद्देनजर सोमवार को शहर में पुलिस सतर्क रही। बाजार बंद रहा। मामले में पुलिस ने सात जगहों पर नाकेबंदी कर पुलिस तैनात कर दी। कई घरों में की गई तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने 50-60 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मामले में पुलिस ने एक युवक को अवैध पिस्तौल और स्कॉर्पियो गाड़ी समेत पकड़ा है।
विज्ञापन


मातूराम कॉलोनी में एक घर में घुसकर रविवार को तोड़फोड़ की गई थी और गली में खड़े तीन मोटरसाइकिलों को नुकसान पहुंचाया गया था। आरके कॉलोनी निवासी गुलशन जग्गा के घर में भी तोड़फोड़ की गई थी। तोड़फोड़ मामले में पुलिस ने कई धाराओं के तहत तीन नामजद और 50 से 60 अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

रविवार को हुई तोड़फोड़ के मद्देनजर शहर के कबीर बस्ती में अस्पताल के पास, गीता मंदिर रोड के पास नाकेबंदी करके पुलिस तैनात की गई। यहां पर आने-जाने वाले संदिग्ध लोगों की जांच की गई। शहर की मातूराम कॉलोनी, आरके कॉलोनी, काठमंडी में भी पुलिस तैनात रही। पुलिस ने रविवार को लगाए गए जाम के दौरान गुरुनानकपुरा निवासी बबलू को अवैध पिस्तौल और स्कॉर्पियो गाड़ी के साथ पकड़ा है।
विज्ञापन


बंद रहे बाजार, गश्त करती रही पुलिस
सतीश कॉलोनी में शनिवार को अपेक्स स्कूल के पास जहां वारदात हुई थी, वहां पर रविवार शाम को प्रदर्शनकारियों ने दो कारों में तोड़फोड़ की। इस कारण सोमवार को वारदात स्थल के आसपास के लोग सहमे दिखे। यहां पर दुकानें नहीं खोली गई। हालांकि दिनभर पुलिस भी गश्त करती रही। दुकानदारों ने बताया कि रविवार को अचानक भीड़ ने हमला किया था। लोग डरे हुए हैं कि दोबारा ऐसी वारदात न हो जाए।

पुलिस ने दोनों समाज के लोगों की बुलाई बैठक
रविवार शाम को हुई तोड़फोड़ की घटना दोबारा न हो सके, इसको लेकर पुलिस प्रशासन ने सोमवार को दोनों समाज के लोगों की बैठक बुलाई। बैठक में पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जो भी मामले में शामिल है उसके जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और शांति बनाए रखें।

गुलशन जग्गा के घर हुई तोड़फोड़ का वीडियो हुआ वायरल
शहर के लालबत्ती चौक पर जाम के बाद भीड़ में से 40 से 50 युवक तीन घंटे तक हिसार-सिरसा रोड पर हंगामा करते रहे थे। इसके बाद युवकों ने आरके कॉलोनी निवासी गुलशन जग्गा के घर में घुसकर तोड़फोड़ की थी। गुलशन जग्गा के पिता गोकल को भी चोट मारी गई थी। तोड़फोड़ का वीडियो भी सोमवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। इसमें युवक तोड़फोड़ करते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि बलराज उर्फ गोली और गुलशन जग्गा के बीच पुरानी रंजिश थी। इसी कारण कुछ युवकों ने तोड़फोड़ की। हालांकि पुलिस इस मामले में कुछ भी बोलने के लिए तैयार नहीं है।

यातायात पुलिस ने की सख्ती, काटे चालान
सोमवार को यातायात पुलिस टीम भी सख्त नजर आई। पुराना बस स्टैंड के बाहर पुलिस ने नाकेबंदी करके वाहनों की चेकिंग की। इस दौरान वाहनों के दस्तावेज जांचे गए। दस्तावेज पूरे न मिलने पर वाहन चालकों के चालान काटे गए।

तोड़फोड़ मामले में कार्रवाई की जा रही है। मामला दर्ज कर लिया गया है। जल्द आरोपी पकड़े जाएंगे। किसी तरह की हिंसा न हो इसको लेकर दोनों पक्षों की बैठक बुलाई थी और शांति बरतने की अपील की है। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सात जगहों पर नाकेबंदी की गई है। - जयपाल सिंह, डीएसपी मुख्यालय, फतेहाबाद।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें