फतेहाबाद/जाखल। जाखल से रतिया आ रहे रोडवेज बस के परिचालक से दो युवकों ने मारपीट की और उसकी वर्दी फाड़ दी। इस मामले में जाखल थाना पुलिस ने बस के परिचालक नानकचंद निवासी ललौदा की शिकायत पर शेखर व संदीप निवासी सिधानी के खिलाफ मारपीट करने, सरकारी ड्यूटी में बाधा पहुंचाने, वर्दी फाड़ने व जान से मारने की धमकी देने के आरोप में केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में परिचालक नानकचंद ने बताया कि वह रोडवेज सब डिपो टोहाना में बतौर परिचालक तैनात है। वह सुबह चालक धर्मपाल के साथ जाखल से रतिया के लिए चला था। गांव सिधानी में सवारियों को चढ़ाने के लिए जब बस रुकी तो उसमें शेखर व संदीप सवार हो गए। जब वह टिकट काटने के लिए उनके पास गया तो दोनों ने उसे बस न रोकने को लेकर गाली गलौच किया और मारपीट करते हुए उसकी वर्दी फाड़ दी। जबकि गांव सिधानी से 10-15 अन्य सवारियां भी बैठी थी। इन लोगों ने बेवजह उससे मारपीट की, उसकी वर्दी फाड़ी और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने केस दर्ज करके दोनों आरोपियों की तलाश आरंभ कर दी है।