रतिया। कार सवार चार युवकों ने भूना मोड़ से घासवा निवासी युवक को रंजिशन अगवा किया और खेत में ले जाकर उसे लाठी, डंडों से पीट कर अधमरा कर दिया। इसके बाद उसे गांव के पास एक ढाणी में फेंक कर चले गए। घायल युवक को ढाणी निवासी व्यक्ति ने शहर के नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक की शिकायत के आधार पर चार युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव घासवा निवासी शैलेंद्र ने बताया कि गांव में ही रहने वाले रिश्तेदार जसवंत सिंह के साथ उसकी पुरानी रंजिश है। इस कारण उनके कई बार झगड़ा भी हुआ था। शैलेंद्र ने बताया कि सुबह वह बाइक से रतिया आया था।
इसके बाद वह भूना जा रहा था। तभी रास्ते में भूना मोड़ पर जसवंत मिला। उसकी कार में उसके साथी लब्बु, देसराज, गगन भी बैठे थे। आरोपियों ने कार से उसकी बाइक का पीछा किया तो बचने के लिए उसने अपनी बाइक खेतों में डाल दी लेकिन वहां संतुलन बिगड़ने पर वह गिर गया। तभी वहां पहुंचे जसवंत और उसके साथियों ने अपहरण कर उसे कार में डाल दिया।
कुछ देर बाद फतेहाबाद रोड स्थित नहर के पास सुनसान जगह पर रोक कर लाठी, डंडों से उसे पीटा। इसके बाद अधमरा करके गांव घासवा के पास ढाणी के बाहर सड़क पर फेंककर फरार हो गए। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।