जाखल। नड़ैल के भाखड़ा पुल पर बाइक को ब्रेजा कार ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक पर सवार दोनों युवक उछलकर कई फुट दूर खाई में जा गिरे और गंभीररूप से घायल हो गए। घायलों को डायल 112 के माध्यम से टोहाना के नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।जानकारी के अनुसार, गांव नत्थूवाल निवासी फौजी गिल व उसका भाई अमर सिंह बाइक पर सवार होकर चुहड़पुर गांव की ओर जा रहो थे। गांव नड़ैल के पास भाखड़ा नहर के पुल पर सामने से आ रही ब्रेजा कार के चालक ने उनके बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर से बाइक कई फुट दूर खाई में जा गिरी और दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद कार भी खाई की ओर उतर गई और कार में सवार हिसार निवासी परविंदर सिंह तथा हिसार के गांव सड़वा निवासी संदीप सिंह भी चोटिल हो गए। हादसे के बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को संभाला। इसके बाद उन्होंने डायल 112 को फोन करके मौके पर बुलाया और पुलिस ने सभी घायलों को टोहाना के नागरिक अस्पताल में पहुंचाया।