फतेहाबाद। जिले में सरपंच व पंच पद के उपचुनाव को लेकर बुधवार को नामांकन वापसी का अंतिम दिन रहा। अधिकांश पदों पर निर्विरोध चुने जाने की स्थिति बन गई है। फतेहाबाद खंड के गांव काताखेड़ी में एक बार फिर से सरपंच पद पर चुनाव नहीं हो सकेगा। फिर से सरपंच पद बीसी-ए वर्ग के लिए आरक्षित कर दिया गया था। मगर बीसी-ए वर्ग का गांव में एक भी मतदाता नहीं है।
दरअसल, फतेहाबाद खंड में 13 पंच पदों व एक सरपंच पद के लिए उपचुनाव होना है। खंड में नौ वार्डों के लिए पंच पदों पर मात्र एक ही नामांकन आने के कारण यहां पर निर्विरोध पंच चुन लिए गए हैं। गांव काताखेड़ी व बीजालांबा के वार्ड नंबर आठ से पंच पद के लिए कोई नामांकन नहीं आया है। बीजालांबा के वार्ड नंबर दो से भी पंच पद के लिए कोई नामांकन नहीं आया। गांव करनौली व झलनियां से पंच पद के लिए दो-दो नामांकन आने के चलते सिर्फ यहां पर उपचुनाव होगा।
भट्टू खंड के दो गांवों में एक- एक वार्ड में होगा पंच पद के लिए उप चुनाव, सात निर्विरोध चुने
भट्टू कलां। भट्टूकलां खंड में पंच पद के लिए दो वार्डों में उपचुनाव के लिए मतदान होगा। बुधवार को नाम वापसी के बाद दो गांवों में एक- एक वार्ड के लिए पंच पद के दावेदार बचे हैं। सात वार्डों में निर्विरोध पंच चुन लिए गए हैं। भट्टू खंड में 10 वार्डाें के लिए चुनाव होने थे। 9 पंच पद के लिए 14 नामांकन पत्र दाखिल हुए। ग्राम पंचायत ढ़ाणी चाननराम के वार्ड 5 के लिए कोई नामांकन नहीं आया। यह वार्ड अनुसूचित जाति महिला के लिए आरक्षित है। रिटर्निंग अधिकारी राजेंद्र सेवदा ने बताया कि भट्टू कलां के वार्ड 7, गांव किरढ़ान के वार्ड 12, गांव दैयड़ के वार्ड 12, ढाबी खुर्द के वार्ड एक, गांव मेहूवाला के वार्ड 10, गांव खाबड़ा कलां के वार्ड 7 में निर्विरोध पंच चुन लिए गए हैं। गांव बोदीवाली के वार्ड चार में तीन नामांकन पत्र दाखिल हुए। मगर बाद में एक नामांकन वापस ले लिया गया। बोदीवाली में अब उर्मिला देवी व नीलम रानी के बीच मुकाबला होगा। वहीं, शेखुपुर दड़ौली के वार्ड आठ में दो नामांकन दाखिल हुए। सहमति नहीं होने से अब मुकाबला विनोद व रणसिंह के बीच होगा। शेखुपुर दड़ौली के वार्ड 11 में दो उम्मीदवारों के बीच सहमति होने से एक नामांकन वापस ले लिया गया, यहां निर्विरोध चुनाव हो गया। संवाद
रतिया खंड में 19 पंच पदों पर बनी सर्वसम्मति, 4 पदों पर होगा चुनाव
रतिया। रतिया खंड में पंचायत सदस्यों के 19 पदों के लिए सर्वसम्मति बन गई है। अब केवल दो गांवों में चार पदों के लिए 9 जुलाई को मतदान करवाया जाएगा। बीडीपीओ संदीप भारद्वाज ने बताया कि पंचायत सदस्य के खाली 23 पदों के लिए चुनाव प्रक्रिया शुरू की गई थी, जिसके लिए 38 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन दाखिल किए थे। नामांकन वापसी के आखरी दिन उम्मीदवारों द्वारा अपना नामांकन वापस लेने के बाद 19 पंचायत सदस्यों पर सर्वसम्मति बन गई। अब रतिया खंड के गांव जाखनदादी में तीन वार्डों और बादलगढ़ में एक वार्ड के लिए 9 जुलाई को मतदान करवाया जाएगा। संवाद