भट्टूकलां। भट्टूकलां रेलवे स्टेशन पर नशे में स्टेशन मास्टर कार्यालय पर पथराव व आधी रात को यात्रियों को परेशान करने के मामले में आरोपी दो भाइयों को सिरसा की रेलवे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों पर रेलवे एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने दोनों को सोमवार को कोर्ट में पेश किया। यहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि दोनों उस समय शराब के नशे में थे। पथराव करने के बाद एक भाई अपनी ससुराल तो दूसरा अपने दोस्त के घर जाकर छिप गया था। पुलिस ने वीडियो क्लीप के जरिये पहचान की और आरोपियों को पकड़ा। 23 नवंबर की रात करीब पौने 3 बजे भट्टू रेलवे स्टेशन पर दो युवक नशे में आए और यात्रियों से अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया। रेलवे स्टेशन मास्टर कार्यालय के कर्मचारियों ने उन्हें रोका तो उन्होंने पटरियों से पत्थर उठाकर फेंकने शुरू कर दिए। रेलवे पुलिस ने मामले में जांच की तो दोनों की पहचान भट्टू थाना के गांव ढ़ाबी निवासी सुशील और राकेश नामक दो भाइयों के रूप में हुई। घटना के बाद सुशील अपने दोस्त के घर आदमपुर में छिपा हुआ था, जबकि राकेश दहमन अपने ससुराल जाकर छिप गया था। पुलिस ने दोनों को रविवार रात गिरफ्तार कर लिया।