टोहाना। पिरथला ढाणी से गांव ललौदा के रास्ते पर बाइक पर जा रहे दो भाइयों को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी, जिससे दोनों घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। सदर पुलिस ने घायल अजीत के बयान पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए बयान में ढाणी पिरथला निवासी अजीत सिंह ने बताया कि वह भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान हिसार में जॉब करता है तथा उसका भाई अक्षय खेतीबाड़ी करता है। सोमवार को उसका भाई अक्षय उसे बाइक पर समैन बस स्टैंड छोड़ने के लिए आ रहा था। जब वे दोनों ललौदा से समैन रोड पर जाने लगे तो गैस एजेंसी के पास ब्रेजा गाड़ी चालक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे वे दोनों घायल हो गए। उसने अपने चचेरे भाई सुरजीत को मौके पर बुलाया, जिसने उन्हें अस्पताल में पहुंचाया। उसके भाई अक्षय के सिर में चोट लगी जबकि उसकी जांघ की हड्डी टूट गई।